बिहार के नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र एक दूल्‍हा जैसे ही बारात लेकर आगे बढ़ा अचानक से वहां पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने दूल्‍हे को तत्‍काल गिरफ्तार कर हवालात पहंचा दिया। बाद में पता चला कि दूल्‍हा कोई और नहीं बल्कि बस्‍ती गांव के पूर्व मुखिया गौतम सिंह उर्फ फंटू सिंह हत्‍याकांड का फरार आरोपी अविनाश कुमार है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अविनाश चोरी-छिपे शादी रचाने जा रहा है। बहरहाल, पुलिस के हस्‍तक्षेप की वजह से दूल्‍हा अविनाश शादी रचाने की बजाए फिलहाल तो हवालात पहुंच गया।

मिली जानकारी के अनुसार अविनाश और उसके साथियों ने पिछले साल 10 जनवरी 2020 को पूर्व मुखिया फंटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अविनाश तभी से फरार चल रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि अविनाश चोरी-छिपे शादी करने जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने जाल बिछाकर हरनौत के दैली गांव से उसे गिरफ्तार कर लिया।

जहानाबाद में होने वाली थी शादी

अविनाश कीशादी जहानाबाद में तय थी। वर और वधू पक्ष ने शादी की तेयारियां पूरी कर ली थीं। अविनाश सिर पर सेहरा बांधकर जैसे ही बारात लेकर निकला, पुलिस ने लोहरा पुल के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कस्‍टडी में शादी की मांग करने लगे घरवाले

अविनाश के पकड़े जाने की सूचना पाकर वधू पक्ष के लोग भी हरनौत थाना पहुंच गये। परिजन ने पुलिस कस्टडी में ही शादी करवाने का अनुरोध किया। हालांकि, पुलिस ने उनकी बात नहीं मानी। थानाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि आरोपित को न्यायालय के सुपुर्द कर दिया गया है।

गिरफ्तार किए गए अविनाश कुमार पर हत्या का आरोप है। हत्या के बाद से वह फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर उसकी गिरफ्तारी हुई है।

डॉ शिब्ली नोमानी, सदर डीएसपी

Input: Live Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD