बिहार में यदि कोई भी पुलिसकर्मी शराब पीते पकड़े जाएंगे तो उन्हें तत्काल नौकरी से बर्खास्त किया जाएगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस बावत सोमवार को दो टूक निर्देश दिया है कि पुलिसकर्मियों ने शराब का सेवन नहीं करने की शपथ ली है। इसलिए कोई पुलिसकर्मी शराब पीते पकड़े जायें तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई कर उन्हें तत्काल बर्खास्त करें। उन्होंने यह भी कहा कि सभी चौकीदारों को स्थानीय स्तर पर एक-एक चीज की जानकारी होती है, इसलिये गड़बड़ी पाये जाने पर ऐसे चौकीदारों पर भी सख्त कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री सोमवार को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की समीक्षा के दौरान कई निर्देश दिये। यह भी निर्देश दिया कि सीमावर्ती इलाकों में सघन जांच करायें और गड़बड़ी मिलने पर स्थानीय प्रशासन पर भी कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शराबबंदी के पूर्व शराब का धंधा करने वाले लोग अब क्या काम कर रहे हैं, उनके विषय में भी जानकारी एकत्रित करें। सतत जीविकोपार्जन योजना के तहत और अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचे, इस दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।

सीएम नीतीश ने कहा कि शराब का अवैध धंधा करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। गड़बड़ी करने वाले व्यक्तियों को सजा भी दी जा रही है। किसके खिलाफ क्या कार्रवाई की गयी या किसे कितनी सजा मिली, इन सूचनाओं को प्रचारित करें, ताकि गड़बड़ी करने वालों में भय पैदा हो। वर्ष 2017 में ही बिजली के खंभों पर टेलीफोन नंबर लिखवा दिया गया था, ताकि गड़बड़ी करने वालों की सूचना स्थानीय लोग दे सकें। दूरभाष के माध्यम से अगर बार-बार किसी व्यक्ति के खिलाफ शिकायत मिल रही है और छापेमारी के बावजूद भी गड़बड़ी नहीं पायी जा रही है तो ऐसे मामलों में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तहकीकात करें।

Source : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD