सुशांत सिंह राजपूत (Sushant singh rajput) मौत मामले को सीबीआई (CBI) को सौंपे जाने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी (Jitan Ram Manjhi) ने सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) को धन्यवाद दिया है. मांझी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) का फैसला ऐतिहासिक है. इस फैसले से न सिर्फ सुशांत के परिवार को न्याय मिलेगा बल्कि संविधान की भी रक्षा हुई. इसके लिए मांझी ने सीएम नीतीश क्रेडिट देते हुए कहा कि उनके तेजी से कम करने का ही नतीजा हुआ कि आज सीबीआई जांच (CBI investigation) हो रही है.

मांझी के सीएम नीतीश को क्रेडिट देने के बीच लोक जन शक्ति पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान ने सुप्रीम कोर्ट को धन्यवाद देने के साथ ही कहा कि इस मामले की जांच सीबीआई से हो यह सबकी मांग थी. मुझे विश्वास है कि अब जल्द सीबीआई सभी पहलू पर काम करेगी. जिन लोगों ने इस केस को उलझाया था अब वो नहीं बच पाएंगे.

इस बीच लोजपा के कार्यकर्ताओं ने चिराग पासवान को इस विषय को लगातार उठाने के लिए बधाई दी है. सुशांत को न्याय दिलवाने के लिए चिराग पासवान ने नीतीश कुमार से बात की थी जिसके बाद नीतीश कुमार ने सीबीआई जांच की सिफारिश की थी.

वहीं, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, सबसे पहले सुशांत केस में हमने सड़क से लेकर सदन तक सीबीआई जांच की मांग की थी और उसी का परिणाम था कि 40 दिनों से सोई बिहार सरकार को कुंभकर्णी नींद से जागना पड़ा था. आशा है एक तय समय सीमा के अंदर न्याय मिलेगा.

बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत मामला सीबीआई को ट्रांसफर किए जाने पर सीएम नीतीश ने कहा कि पटना में दर्ज कराए गए मामले पर बिहार पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई एवं बिहार सरकार द्वारा इस मामले को CBI को सौंपने के निर्णय को विधि सम्मत एवं उचित ठहराया गया है.

उन्होंने कहा कि कुछ लोग इसे राजनीतिक रूप देना चाह रहे थे जबकि राज्य सरकार का मानना था कि इसका संबंध न्याय से है. मुझे भरोसा है कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद CBI यथाशीघ्र इस मामले की जांच करेगी और शीघ्र न्याय मिल सकेगा.

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD