राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने एकबार फिर राजद सुप्रीमो लालू यादव पर हमला किया है। शनिवार को बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि बिहार में भाजपा और जदयू के बीच लगभग दो दशक पुरानी दोस्ती से जलने वाले तत्वों की वजह से हमारे बीच एक बुरा दौर आया और गुजर गया। हमें जनता ने जब फिर सेवा का मौका दिया, तो विपक्ष की छाती फटने लगी है।

जेल से लालू दे रहे जोड़तोड़ को बढ़ावा

उन्होंने कहा कि सजायाफ्ता लालू प्रसाद रांची रिम्स के पेइंग वार्ड से जेल नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। लालू मोबाइल फोन के जरिए लगातार राजद नेताओं को निर्देश देकर जोड़तोड़ को बढ़ावा दे रहे हैं। जिन लोगों ने ट्रांसफर-पोस्टिंग को कमाई का जरिया बना लिया था, वे मलाई न मिलने के कारण आज रूटीन प्रशासनिक काम को भी राजनीतिक रंग देना चाहते हैं।

लालटेन युग से बाहर लाकर पहुंचाई बिजली

मोदी ने कहा कि एनडीए ने परस्पर सम्मान और विश्वास को मजबूत आधार बनाते हुए काम किया है। बिहार को जंगलराज से उबारकर विकास की ओर अग्रसर किया है। राजद पर कटाक्ष करते हुए सुशील मोदी ने कहा कि राज्य को लालटेन युग से बाहर लाकर हर गांव को बिजली पहुंचायी गई है।

उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार में कृषि रोड मैप लागू किया गया है। राज्य को उच्च शिक्षा के नए-नए संस्थान मिले हैं। सरकार अब 20 लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की योजना पर काम कर रही है। उद्योग विभाग सिंगल विंडो सिस्टम शुरू करने जा रहा है। दूसरी तरफ कुछ लोग विकास की लय तोड़ने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। गौरतलब है कि एक दिन पहले सुशील मोदी ने राजद विधायक पर राहुल गांधी पर हमला किया था। उन्होंने पूछा था कि राहुल गांधी बताएं कि वे कहां हैं और उन्होंने दुनिया के किस स्थान से देशवासियों को नए साल की बधाई दी है।

Input: Live Hindustan

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD