बिजली कंपनी आने वाले समय में शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर प्री पेड मीटर लगाएगी। बिजली उपभोक्ताओं को प्री पेड मीटर की ओर मोड़ने के लिए उन्हें बिजली बिल में रियायत देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बिजली कंपनी के प्रस्ताव में इस बात का जिक्र है कि प्री पेड मीटर लगाने वाले उपभोक्ताओं को उनके मासिक बिजली बिल पर तीन प्रतिशत का अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। इस आशय का प्रस्ताव बुधवार को बिहार राज्य विद्युत विनियामक आयोग को सौंपा जाना है।

कैसे लगाएंगे स्मार्ट प्री पेड मीटर : स्मार्ट प्री पेड मीटर के लिए बिजली कंपनी ने तय किया है कि किस तरह से शहरी क्षेत्र में इसे लगाएंगे। इलाके बांटे गए हैं। इसलिए सभी शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बिना किसी आवेदन के स्मार्ट प्री पेड मीटर लगने हैं।

रिचार्ज की राशि खत्म होने के तीन दिन पहले ही आएगा संवाद: बिजली कंपनी ने यह व्यवस्था की है कि स्मार्ट प्री पेड मीटर की रिचार्ज की राशि खत्म होने के तीन दिन पहले ही बिजली उपभोक्ता के निबंधित मोबाइल पर एसएमएस अलर्ट आ जाएगा।

छुट्टी के दिन नहीं कटेगी बिजली : यह व्यवस्था है कि रिचार्ज खत्म होने के बाद बिजली की आपूर्ति स्वत: बंद हो जाएगी। पर इंतजाम यह भी किया गया है कि अगर छुट्टी के दिन रिचार्ज खत्म हुआ है तो उस दिन बिजली नहीं कटेगी। इसके अतिरिक्त अन्य दिनों में रिचार्ज खत्म होने पर बिजली आपूर्ति सुबह ग्यारह बजे से शाम तीन बजे के बीच ही बंद होगी।

पटना में अभी 95 हजार स्मार्ट प्री पेड मीटर : पटना में पांच से छह लाख स्मार्ट प्री पेड मीटर लगाए जाने हैं। अभी 95 हजार तक लगे हैं। डेढ़ साल के भीतर लक्ष्य तय करना है। पूरे बिहार के शहरों में यह काम चल रहा।

नए साल के टैरिफ में दस प्रतिशत से कम की बढ़ोतरी संभव : अगले वर्ष अप्रैल से लागू होने वाले बिजली टैरिफ का प्रस्ताव भी मंगलवार को नियामक आयोग को सौंपने की तैयारी है। ऐसी जानकारी है कि दस प्रतिशत से कम की बढ़ोतरी का प्रस्ताव सौंपा जा सकता है।

  • नये साल के टैरिफ में दस प्रतिशत से कम की बढ़ोतरी का प्रस्ताव संभव
  • शहरी क्षेत्रों में बिना किसी आवेदन के स्मार्ट प्री पेड मीटर लगने हैं

इस तरह मिलेगी स्मार्ट प्री पेड मीटर उपभोक्ताओं को राहत

स्मार्ट प्री पेड मीटर पर उपभोक्ताओं को पैसा पहले देना है इसलिए उन्हें अग्रिम भुगतान के मद में मिलने वाले बिल पर एक प्रतिशत छूट का लाभ मिलेगा। ऑनलाइन भुगतान के लिए डेढ़ प्रतिशत का लाभ भी मिलेगा। इसके अतिरिक्त स्मार्ट प्री पेड मीटर के उपभोक्ताओं को उनके बिजली बिल पर तीन प्रतिशत का लाभ अलग से मिलेगा।

कैसे होगा रीचार्ज

स्मार्ट प्री पेड मीटर को किसी भी यूपीआइ पेमेंट मसलन गूगल पे, पेटीएम या फिर इस तरह के अन्य माध्यमों से रिचार्ज किया जा सकेगा। उपभोक्ता चाहे तो बिजली कंपनी के काउंटर पर जाकर भी रीचार्ज कर सकेंगे। रीचार्ज के लिए यह बाध्यता नहीं है कि वह कितनी राशि से अपने मीटर को रीचार्ज करे।

Source : Dainik Jagran

rama-hardware-muzaffarpur

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD