बिहार के तकरीबन 2.39 लाख मतदाता अब अपने मोबाइल में मतदाता पहचान पत्र डाउनलोड (Download your EPIC in Smartphone) कर सकेंगे। इस सुविधा के आने के साथ ही मतदाताओं को अब अपनी जेब में मतदाता पहचान पत्र (Voter Card) रखने की जरूरत नहीं होगी। मोबाइल में डाउनलोड ई-इपिक होटल, रेलवे, एयरपोर्ट में मान्य होंगे। यह जानकारी राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एचआर श्रीनिवास ने सोमवार को यह जानकारी दी। इससे पहले आयोग के इस फैसले की जानकारी विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को एक बैठक के जरिए दी गई। बैठक का आयोजन आज ही निर्वाचन कार्यालय के सभागार में किया गया था।

बिहार में जोड़े गए 14.72 लाख मतदाताओं के नाम
श्रीनिवास ने बताया कि प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के क्रम में 14.76 लाख नए मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं। इनमें से अब तक 2.39 लाख को इलेक्ट्रॉनिक इपिक दिया गया है। ई- मतदाता पहचान उन मतदाताओं को दिए गए हैं, जिन्होंने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के दौरान अपने मोबाइल नंबर दिए थे।

केवाइसी अपडेट कराने के बाद मिलेगा ई-इपिक
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम सूची में शामिल हैं वे भी अपना इ-इपिक अपने मोबाइल या लैपटॉप में डाउनलोड कर सकते हैं। शर्त है कि उन्हें पहले वोटर हेल्पलाइन एप के जरिए केवाइसी अपडेट करना होगा। जिसमें मोबाइल नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज कराना होगा। मोबाइल नंबर पंजीकृत होते ही उन्हें वन टाइम पासवर्ड मिल जाएगा। नए मतदाता पहले चरण में फरवरी के अंत तक इ-इपिक डाउन लोड कर सकेंगे। सामान्य मतदाताओं को यह सुविधा इसके बाद मिलेगी।
एक मोबाइल नंबर से केवल एक इपिक जोड़ना संभव
श्रीनिवास ने बताया कि एक मोबाइल नंबर से सिर्फ एक ई-इपिक को जोड़ा जा सकता है। इसके साथ ही मतदाताओं को पीवीसी इपिक मिलेगा। इसे बंद नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभी तक बूथ के 100 मीटर अंदर मोबाइल ले जाने पर प्रतिबंध है। इसलिए मतदान केंद्र पर ई-इपिक ले जाना संभव नहीं होगा।
Source : Dainik Jagran





