बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान मतदान प्रक्रिया और चुनाव प्रबंधन में बेहतरीन कार्य करने वाले राज्य के दस जिलाधिकारियों (DM) को पुरस्कृत किया जाएगा। निर्वाचन विभाग ने आगामी 25 जनवरी को आयोजित होने वाले 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर इन अधिकारियों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है।

पटना के अधिवेशन भवन में आयोजित होने वाले इस राज्यस्तरीय समारोह में कुल 122 निर्वाचन अधिकारियों और कर्मियों को ‘बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेज अवार्ड-2025’ से नवाजा जाएगा।
विभिन्न श्रेणियों में मिला सम्मान
निर्वाचन विभाग के अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी माधव कुमार सिंह के अनुसार, जिलाधिकारियों को उनकी विशिष्ट उपलब्धियों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में चुना गया है।

नवाचारी मतदाता जागरूकता (SVEEP) भागलपुर के डॉ. नवल किशोर चौधरी, सुपौल के सावन कुमार, अररिया के अनिल कुमार और कटिहार के मानेष कुमार मीणा को मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में नए प्रयोगों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
प्रशिक्षण एवं क्षमता विकास भोजपुर के डीएम तनय सुल्तानिया, सीतामढ़ी की रिची पांडेय और नालंदा के कुंदन कुमार को चुनाव कर्मियों के बेहतर प्रशिक्षण के लिए पुरस्कार मिलेगा।

चुनाव प्रबंधन एवं लॉजिस्टिक्स मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन, गयाजी के शशांक शुभंकर और जमुई के डीएम श्री नवीन को बेहतर चुनावी प्रबंधन के लिए चुना गया है।
निचले स्तर के अधिकारी भी होंगे पुरस्कृत
केवल जिला स्तर ही नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर चुनाव को सफल बनाने वाले अन्य अधिकारियों की सूची भी जारी की गई है।

निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) बख्तियारपुर के संजीव सौरभ, मसौढ़ी के अभिषेक कुमार, मांझी के आलोक राज, महुआ के किसलय कुशवाहा और कल्याणपुर के दिलीप कुमार समेत 5 अधिकारियों का चयन हुआ है।
अन्य कर्मी सम्मानित होने वालों में 10 सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO), 48 निर्वाची पदाधिकारी (RO), 39 बीएलओ (BLO), 5 उप निर्वाचन पदाधिकारी और 5 अवर निर्वाचन पदाधिकारी शामिल हैं।
सभी चयनित विजेताओं को पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। विभाग ने सभी को समारोह में शामिल होने के लिए आधिकारिक निमंत्रण भेज दिया है।









