कोरोना वायरस (Corona virus) का प्रकोप पूरे देश में लगातार बढ़ता जा रहा है. इसके प्रकोप को रोकने के लिए डॉक्टर्स के साथ- साथ पुलिसकर्मी भी दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. खासकर महिला पुलिसकर्मियों (Female Policemen) को घर के साथ-साथ वर्दी की जिम्मेदारी भी निभानी पड़ रही है. एक ऐसी ही महिला पुलिसकर्मी की कहानी बिहार में सामने आई है जो, इस कोरोना महामारी के दौर में ड्यूटी के साथ-साथ मां का फर्ज भी निभा रही है.
जानकारी के मुताबिक, मामला बिहार के सासाराम (Sasaram) का है. यहां के मुख्य चौराहे पर ड्यूटी करने वाली पूजा कुमारी बिहार पुलिस की सिपाही हैं. वह प्रतिदिन इस कड़ी धूप में ड्यूटी करती हैं. लेकिन दिक्कत यह है कि पूजा का 11 माह का एक बच्चा है, जो ड्यूटी के समय भी इनके साथ रहता है. एक तरफ नौकरी की कर्तव्य परायणता तो दूसरी ओर मां की ममता. दोनों को वह बखूबी निभाती हैं. पूजा कहती हैं कि प्रतिदिन सड़कों पर 12 घंटे की ड्यूटी उनकी लगती है. इस दौरान छोटा बच्चा घर में बिलख जाता है. इसलिए उसे लेकर ही वे ड्यूटी पर आती हैं. ऐसे में बच्चे को गोद में लेकर ड्यूटी करनी पड़ती है. उनका कहना है कि उससे परेशानी तो है, लेकिन मां की ममता है कि बच्चे को छोड़ नहीं सकती.
गुप्तेश्वर पांडेय ने पूजा कुमारी की हौसला अफ़जाई की है
वहीं, बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने पूजा कुमारी की हौसला अफ़जाई की है. उन्होंने रोहतास में पदस्थापित महिला सिपाही पूजा को फोन कर हौसला अफजाई की है. DGP ने अनुरोध किया है कि बच्चे को लेकर डियूटी न करो. वहीं, पूजा ने कहा कि घर में कोई सदस्य नहीं था, इसलिए बच्चे को संग लेकर ड्यूटी कर रही थी.
Input : News18






