जल्द ही दरभंगा एयरपोर्ट से देश के तीन बड़े शहरों के लिए विमान सेवाएं शुरू हो सकती हैं. संभावना जताई जा रही है कि एयरपोर्ट का काम पूरा होने के बाद 25 अक्टूबर से फ्लाइट सेवा शुरू की जाएंगी. स्पाइज जेट को दरभंगा एयरपोर्ट से मुम्बई, बंगलुरू और दिल्ली रूट पर रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत विमान सेवाएं शुरू करने की इजाजत दी गयी है. विंटर शेड्यूल में तीन जोड़ी विमान शामिल किए जाएंगे.
शेड्यूल के मुताबिक पहला विमान दरभंगा एयरपोर्ट पर बेंगलुरू से सुबह 11.15 बजे पहुचेगा जो दरभंगा से 11.45 बजे बंगलुरू के लिए उड़ान भरेगा. मुम्बई दरभंगा विमान सेवा के तहत दिल्ली से उड़कर 12.10 बजे विमान दरभंगा एयरपोर्ट पहुंचेगा जबकि यह 12.40 बजे मुम्बई के लिए दरभंगा से उड़ान भरेगा. सबसे अंत में दिल्ली से दरभंगा के लिए उड़ान उपलब्ध होगी. दरभंगा में दिल्ली से शाम 3.55 बजे विमान पहुंचेगा और यह 4.25 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा.
दरअसल एयरपोर्ट सूत्रों का कहना है कि अभी डीजीसीए ने 25 अक्तूबर से विंटर शेड्यूल में इन विमानों को शामिल कर दिया है लेकिन उससे पहले निर्माण कार्यों को पूरा करना बड़ी चुनौती होगी. रनवे की फिनिशिंग और अप्रोच रोड के निर्माण में कम से कम 45 दिन का समय चाहिए. काम को पूरा करने में बारिश की वजह से समस्या आ रही है. रनवे पर काम करने में मुश्किल आ रही है. हालांकि अभी एयरपोर्ट परिसर में काम बाकी है.
बरसात की वजह से काम में व्यवधान हो रहा है. गौरतलब है कि एयरपोर्ट पर टर्मिनल बिल्डिंग की जगह पोर्टा केबिन की तरह निर्माण किया गया है. अभी इस एयरपोर्ट की व्यवस्था एयरफोर्स के जिम्मे हैं. फिलहाल निर्माण में लगभग 80 करोड़ रुपए खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है. एयरपोर्ट परिसर के विस्तार के लिए 32 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की भी योजना अभी चल रही है.
Input : Live Hindustan






