पटना. नीतीश मंत्रिमंडल (Nitish Cabinet) में इस बार युवा चेहरों की बहार आने वाली है. खासकर चंपारण, सीमांचल और मिथिलांचल के कई युवा चेहरों को नई कैबिनेट में जगह मिल सकती है. सूत्रों की मानें तो BJP नीतीश मिश्रा (Nitish Mishra), नितीन नवीन (Nitin Naveen), दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज कुमार बबलू (Neeraj Kumar Bbalu) को मंत्री बना सकती है. वहीं, जेडीयू (JDU) कोटे से अशोक चौधरी (Ashok Chaudhary), नीरज कुमार, संजय झा, लेसी सिंह और शालिनी मिश्रा मंत्री बन सकती हैं. पिछली बार की तुलना में इस बार के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 74 सीटें तो जेडीयू ने 43 सीटें जीती हैं. जेडीयू की सीटों में गिरावट आई है. इस कारण यह तय माना जा रह है कि मंत्रिमंडल में बीजेपी का दबदबा रहेगा.

पूर्व मुख्यमंत्री और हम पार्टी के सर्वेसर्वा जीतन राम मांझी के बेटे संतोष मांझी को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है. वहीं वीआईपी पार्टी से एक युवा चेहरे को मंत्री बनाया जा सकता है. हम पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी चुनाव तो हार गए हैं, लेकिन इसके बावजूद उनको मंत्री बनाया जा सकता है. जेडीयू की तरफ से अशोक चौधरी, नीरज कुमार, संजय झा, लेसी सिंह और शालिनी मिश्रा को मंत्री बनाया जा सकता है. बिहार में अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं. ऐसे में नीतीश मंत्रिमंडल में कई युवा चेहरों को प्रथमिकता दी जाएगी.

बीजेपी के कई युवा चेहरों को मिल सकती है कैबिनेट में जगह
एनडीए नेता मंत्रिमंडल का गठन करते समय सामाजिक समीकरणों का भी विशेष ख्याल रखेंगे. बीजेपी की तरफ से दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के चचेरे भाई नीरज सिंह बबलू को भी मंत्री बनाने की चर्चा है. नीरज कुमार इस बार भी छातापुर विधानसभा सीट से जीत कर आए हैं. वहीं, बेगूसराय विधानसभा सीट से कुंदन कुमार भी उन युवा चेहरों में से एक हैं, जिन पर सबकी नजर है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिवंगत नेता दिग्विजय सिंह की बेटी और अंतरराष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह की भी मंत्री बनाने की चर्चा चल रही है. श्रेयसी बीजेपी की टिकट पर पहली बार जमुई सीट से जीत कर विधानसभा पहुंची है.श्रेयसी सिंह महिला होने के साथ-साथ युवा भी हैं.
जेडीयू कोटे से चकाई से निर्दलीय जीत कर आने वाले सुमित कुमार सिंह को भी मंत्री बनाया जा सकता है. सुमित कुमार सिंह बिहार के दिग्गज नेता नीतीश सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र सिंह के बेटे हैं. लखीसराय सीट जीत कर आने वाले विजय कुमार सिन्हा को भी मंत्री बनाने की चर्चा है.
Source : News18





