पटना: एक तरफ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर उसे चुस्त-दुरूस्त करने में लगे हैं, तो वहीं, दूसरी तरफ विपक्ष इसको लेकर हमलावर है. इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने कानून-व्यवस्था को लेकर सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा है.

लालू यादव ने ट्वीट कर लिखा, ‘बिहार के अनुकंपाई मुख्यमंत्री सह एडिटर इन चीफ अपनी लाख एडिटिंग के बावजूद अखबारों को रक्तरंजित होने से रोक नहीं पा रहे हैं. बिहार में अपराध की सुनामी आई हुई है. प्रतिदिन सैंकड़ों लोग मारे जा रहे हैं. मुख्यमंत्री कान में तेल डालकर संवेदनहीनता और स्वार्थ की गहरी नींद में सो रहे है.
बता दें कि राज्य की कानून-व्यवस्था को ठीक करने के लिए सीएम नीतीश कुमार लगातार समीक्षा बैठक कर रहे हैं.इसी क्रम में कानून-व्यवस्था की स्थिति से चिंतित मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने बड़ा फैसला लिया है. अब अपराध के मामलों की जांच में सीआईडी (CID) सहयोग करेगी.

सीआईडी के अधिकारी ये भी देखेंगे कि जांच रिपोर्ट दाखिल करते समय सही तरीके से तथ्य रखे गये हैं या नहीं. मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस मुख्यालय (PHQ) में तीन घंटे से ज्यादा तक कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की और कहा कि अगर कोई दोषी होगा, तो उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा.
बिहार के अनुकंपाई मुख्यमंत्री सह एडिटर इन चीफ़ अपनी लाख एडिटिंग के बावजूद अखबारों को रक्तरंजित होने से रोक नहीं पा रहे है।
बिहार में अपराध की सुनामी आई हुई है।प्रतिदिन सैंकड़ों लोग मारे जा रहे है। मुख्यमंत्री कान में तेल डालकर संवेदनहीनता और स्वार्थ की गहरी नींद में सो रहे है। pic.twitter.com/ilSbFUawyx
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) January 6, 2021
दरअसल, लगातार दूसरे सप्ताह पुलिस मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने पुलिस और गृह विभाग के अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की, जिसमें सीआईडी और बीएमपी के कामों की समीक्षा की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने थानों से लेकर राज्य स्तर तक अपराध के आकड़ों को देखा, पिछले दो सालों में किस तरह से अपराध हुए हैं और इनके पीछे क्या कारण रहे हैं, इसके बारे में जाना.
समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति से मैं संतुष्ट नहीं हूं और मैं इतनी जल्दी संतुष्ट होनेवाला नहीं हूं, लेकिन पुलिस के अधिकारी काम कर रहे हैं और जल्द ही इसका नतीजा देखने को मिलेगा. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बीएमपी (BMP) के कामों की समीक्षा की. उसे और सशक्त बनाने पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की ऐसी विंग जिनके पास अपने ऑफिस नहीं हैं, उन्हें ऑफिस समेत अन्य सुविधाएं दी जाएंगी.
Source : Zee News



