सुपौल. जिले के प्रतापगंज से देश के भिन्न-भिन्न हिस्सों में रेल मार्ग से सफर तय करने की हसरत लिए बैठे लोगों में सोमवार की दोपहर ट्रायल इंजन के पहुंचते ही लोगों में खुशियां उमड़ पड़ी. 20 जनवरी- 2012 यानी बीते नौ वर्षों के बाद प्रतापगंज रेलवे स्टेशन पर बड़ी रेल लाइन का पहला ट्रायल इंजन पहुंचा तो लोगों में रेल परिचालन की आस जग गई. रेल इंजन की सीटी बजते ही महिला पुरूष बच्चों की हजारों की संख्या में भीड़ प्रतापगंज स्टेशन पर उमड़ पड़ी. वर्षों बाद रेलवे स्टेशन पर इंजन को देखने को ले लोगों में खुशी का माहौल था.

लगे मोदी है तो मुमकिन हैं के नारे
लोगों को अब लगने लगा है कि अब जल्द ही रेल की सवारी करने का सपना जल्द पूरा होगा. सबकी जुबान पर एक ही बात थी कि “मोदी है तो मुमकिन है”. रेल परिचालन के लिए उत्सुक लोग एक दूसरे से पूछते दिख रहे थे कि आखिर कब से रेल का चलना प्रारंभ होगा. दरअसल पिछले वर्ष ही सहरसा से सरायगढ़- आसन्नपुर और राघोपुर तक बड़ी रेल लाईन की ट्रेनों के परिचालन होने के बाद राघोपुर से फारबिसगंज तक के धीमे चल रहे अमान परिवर्तन कार्य में गति देखी गई जिसका ही सुखद परिणाम है कि नौ वर्षों बाद 11 जनवरी -2021 को दोपहर 1.30 मिनट में सहरसा से चल कर इंजन रोलिंग यानि ट्रायल इंजन प्रतापगंज स्टेशन पहुंचा.

मार्च-अप्रैल से परिचालन संभव
रेल इंजन ट्रायल का जायजा लेने पहुंचे रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर संजय कुमार से जब फारबिसगंज तक रेल परिचालन के संदर्भ में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि इस मामले की पूर्ण जानकारी तो हमारे वरीय पदाधिकारी हीं दे सकते हैं लेकिन संभावना जताते हुए उन्होंने बताया कि मार्च-अप्रैल तक ललित ग्राम तक अमान परिवर्तन का कार्य पूरा कर ट्रेनों का परिचालन होना संभव है. ललित ग्राम से फारबिसगंज के बीच भी अमान परिवर्तन का कार्य तेजी से किया जा रहा है.

दरभंगा से भी जल्द जुड़ जाएगा कोसी
सुपौल स्टेशन से 18 सितम्बर को हरी झंडी दिखाकर प्रधानमंत्री ने पैसेंजर ट्रेन को रवाना किया था वो दिन इसलिए सबसे खास था कि 85 वर्षो बाद कोई ट्रेन कोसी को लांघ रही थी. वो दिन इलाके के लोगों के लिए होली ओर दीपावली से कम नहीं था. जब ट्रेन कोसी को पार कर आसनपुर कुपहा पहुंची तो नजारा ही कुछ ओर था. तब से लेकर आज तक लोगों में दरभंगा से ट्रेन के जुड़ने की आशा को पंख लग गया. अब वो दिन शेष नही की मिथलांचल और पूरे सीमांचल से इलाका जुड़ जाएगा.
Source : News18



