गोपालगंज. दिल्ली पुलिस की टीम ने दिल्ली से फरार एक युवती को बिहार के गोपालगंज से बरामद किया है. हालांकि प्रेमी पुलिस को देख घर से फरार हो गया. लड़की को दिल्ली पुलिस कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लेकर रवाना हो गयी. दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई नगर थाने की पुलिस के सहयोग से सदर अस्पताल परिसर में की है, जहां प्रेमी अपनी प्रेमिका का इलाज कराने पहुंचा था. युवती ने बताया कि दोनों कोर्ट मैरिज शादी कर चुके हैं.

बताया जाता है कि दिल्ली के आनंद बिहार में रहकर मेहनत मजदूरी करने वाले एक युवक के साथ उसके पड़ोस की लड़की से प्यार हो गया और इसके बाद दोनों दिल्ली से फरार हो गए. लड़की के परिजनों ने आनंद बिहार थाना में लिखित आवेदन देकर लड़की की बरामदगी की गुहार लगाई थी जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने ततपरता दिखाते हुए गोपालगंज से लड़की को सकुशल बरामद किया.

बताया जाता है कि सीवान जिले के निवासी निर्मल श्रीवास्तव के पुत्र गुड्डू श्रीवास्तव अपने भाई और भाभी के पास दिल्ली गया था, इसी बीच उसे भाई के पड़ोसी की लड़की से प्यार हो गया. दोनों फोन पर बाते करते रहते थे. दोनों के बीच प्रेम इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों हमेशा के लिए एक दूसरे के होने के लिए कसमें खाकर दिल्ली से फरार हो गए.

दिल्ली पुलिस टीम में शामिल आनंद बिहार थाने के सब इंस्पेक्टर संजीव कुमार और प्रवीण कुमार ने बताया कि पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर प्रेमी के भाई और भाभी को सदर अस्पताल से हिरासत में लेकर पूछताछ की. काफी सख्ती से पूछताछ के बाद प्रेमी के भाभी की निशानदेही पर अस्पताल परिसर से ही लड़की बरामद हुई, हालांकि पुलिस के आने की सूचना पाकर प्रेमी फ़रार होने में सफल रहा. बरामद लड़की ने कहा कि वह प्रेमी से प्यार करती है और अपनी मर्जी से भागकर कोर्ट मैरेज कर चुकी है.
Source : News18









