बिहार विधान परिषद के स्थानीय निकाय कोटे की 24 सीटों के चुनाव को लेकर सोमवार को 97.84 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके साथ ही इस चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे 185 उम्मीदवारों का भाग्य बैलेट बॉक्स में बंद हो गया। इस चुनाव को लेकर मतगणना सात अप्रैल को होगी।

बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीईओ) एचआर श्रीनिवास ने मतदान के बाद प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि छोटी-मोटी घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। स्थानीय निकाय कोटे के पिछले चुनाव में 97 फीसदी मतदान हुआ था। उसकी तुलना में इस बार 0.84 फीसदी अधिक मत पड़े। 24 में से 12 सीटों पर 99 फीसदी या इससे अधिक वोटिंग हुई है।

आठ शिकायतें दर्ज की गईं : सीईओ, बिहार ने बताया कि मतदान के दौरान आठ शिकायतें दर्ज की गईं। संबंधित जिला प्रशासन के सहयोग से सभी शिकायतों का त्वरित निपटारा किया गया। इन शिकायतों में मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने, खास व्यक्ति के पक्ष में मतदान को लेकर दबाव बनाने, मतदान को लेकर भयभीत किए जाने इत्यादि शिकायतें शामिल हैं।
Source : Hindustan









