छठे चरण के प्राथमिक शिक्षक नियोजन में छूटे अभ्यर्थियों के लिए हुई तृतीय ( विशेष) चक्र की काउंसिलिंग में अंतिम रूप से चयनित 972 अभ्यर्थियों को 15 अप्रैल तक नियुक्ति पत्र बांटे जाने के आसार हैं। जानकारी के मुताबिक शिक्षा विभाग इसको लेकर शीघ्र ही सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों की बैठक बुलाकर आगे की प्रक्रिया को अंतिम रूप देगा।


जानकारी के मुताबिक तृतीय चक्र में कुल 2188 पदों के लिए काउंसिलिंग हुई थी। इसमें चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच 9 अप्रैल तक किए जाने के आदेश दिये गए हैं। सात मार्च को स्थानीय प्राधिकार चुनावों के मद्दनेजर आचार संहिता भी अप्रभावी हो जायेगी, इसलिए नियुक्ति पत्र 9 से 15 अप्रैल के बीच बांटने की योजना है। विदित हो कि प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने तृतीय चक्र की काउंसिलिंग 14, 15 और 16 मार्च को आहूत की थी। इससे पूर्व छठे चरण में प्राथमिक शिक्षक नियोजन के तहत करीब 41 हजार से अधिक नियोजन पत्र बांटे जा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि 90762 पदों के लिए हुई काउंसिलिंग में आधे से अधिक पद खाली रह गए हैं।
Source : Hindustan









