कोरोना वायरस के मामलों में कमी आने के बाद नीतीश सरकार में जनता दल युनाइटेड (जेडीयू) कोटे से मंत्रियों ने पटना में जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में फिर से जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत की. मंगलवार को जनसुनवाई कार्यक्रम के पहले दिन प्रदेश के संसदीय कार्य एवं शिक्षा मंत्री विजय चौधरी और खाद्य आपूर्ति मंत्री लेसी सिंह ने लोगों की समस्याओं को सुना एवं उनका निपटारा किया. जनसुनवाई कार्यक्रम की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में जेडीयू के कार्यकर्ता और अन्य लोग दूर-दूर से यहां पहुंचे थे. इस दौरान मंत्रियों ने लोगों की समस्याओं को सुना और उसका निपटारा किया.

बता दें कि वैश्विक महामारी कोरोना के कारण जेडीयू के प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया था. मगर अब जबकि कोरोना के केस काफी कम हो गए हैं जनसुनवाई कार्यक्रम की पुनः शुरुआत की गई है.
जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत मंगलवार, बुधवार, गुरुवार और शुक्रवार को अलग-अलग विभागों के मंत्री जनता की समस्याओं को सुनकर उनका निदान करते हैं. इस कड़ी में आगे भी निर्धारित दिन और तारीख को बिहार सरकार के विभिन्न विभागों के मंत्री जेडीयू कार्यालय में मौजूद रह कर जनसुनवाई कार्यक्रम में जनता की समस्याओं को सुन कर उसका निपटारा करेंगे.

जनसुनवाई कार्यक्रम में 2 मंत्रियों ने आम जनता की समस्याएं सुनी
जेडीयू कोटे के मंत्रियों की जनसुनवाई कार्यक्रम से पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम लोगों को कितना लाभ पहुंचा है यह स्पष्ट नहीं है. लेकिन इस तरह की सुनवाई से मंत्रियों के यहां उपलब्ध होने से समस्याओं से जूझ रहे लोगों को एक ऐसा फोरम तो मिल ही गया है जहां आ कर वो उन्हें (मंत्रियों) अपनी परेशानी बता सकें.

बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी हर सोमवार को जनता दरबार कार्यक्रम में आम लोगों की समस्याओं को सुनते हैं और उसको दूर करने का भी प्रयास करते हैं. हालांकि मुख्यमंत्री से मिल कर फरियाद करने वालों की संख्या सीमित होती है. इसी को देखते हुए सरकार में जेडीयू कोटे के मंत्रियों को पार्टी की तरफ से निर्देश मिला कि वो भी जनसुनवाई कार्यक्रम कर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता की समस्याओं को सुन कर उनका समाधान करे. इसकी शुरुआत की गई थी. लेकिन जब कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े तो मंत्रियों ने जनसुनवाई कार्यक्रम को स्थगित कर दिया था. लेकिन अब जबकि कोरोना के मामले कम हो रहे हैं, एक बार फिर जेडीयू के दफ्तर में जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई है.
Source : News18








