केंद्र सरकार की तरफ से बिहार को एक साथ कई तोहफे मिलने जा रहे हैं. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार को बिहार आएंगे और करीब 13 हजार 585 करोड़ की लागत से 15 राष्ट्रीय परियोजना का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. इसमें सबसे प्रमुख परियोजना गांधी सेतु के दूसरे लेन का उद्घाटन है. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकी और सीएम नीतीश कुमार कल इस पुल के दूसरे लेन को भी आम जनता के लिए खोल देंगे.

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मंगलवार सुबह 10:30 बजे पटना पहुंचेंगे और उसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से औपचारिक मुलाकात करेंगे. मुलाकात के बाद दोनों नेता गांधी सेतु के दूसरे लेन के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे. इस दौरान बिहार में राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ी कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा. कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि 1800 करोड़ की लागत से गांधी सेतु के सुपर स्ट्रक्चर का निर्माण कराया गया है, जिसका कल उद्घाटन होना है.

नितिन नवीन के मुताबिक, कल कुल 9 योजनाओं का शिलान्यास होगा. बेगूसराय 4 लेन एलिवेटेड रोड, पटना एम्स से नौबतपुर सड़क और कायम नगर जीरो माइल का शिलान्यास सहित 12 हजार करोड़ से ऊपर की कई योजनाओं का कल नितिन गडकरी उद्घाटन करेंगे. मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि जेपी गंगा पथ और मीठापुर ब्रिज का इसी महीने उद्घाटन किया जाएगा. हाजीपुर छपरा का काम जल्द पूरा हो इसके लिए केंद्र से बात की जा रही है. हाजीपुर छपरा सड़क निर्माण के लिए फिर से टेंडर किया जा रहा है. अभी तक 67 प्रतिशत काम पूरा हुआ है.

इन परियोजनाओं का शिलान्यास/लेाकार्पण
1150 करोड़ की लागत से एनएच 85 की 2 लेन का शिलान्यास किया जाएगा, 94.26 किमी लंबी यह सड़क छपरा से सीवान होते हुए गोपालगंज तक जाएगी.
1742 करोड़ की लागत से 5.58 किमी के एनएच-19 के डाउनस्ट्रीम के सुपरस्ट्रक्चर का उद्घाटन किया जाएगा. इससे गंगा नदी पर महात्मा गांधी सेतु से पटना हाजीपुर के बीच का यातायात आसान होगा.
1614 करोड़ की लागत से उमगांव से कलुआही, एनएच-227L, साहरघाट से रहिका, एनएच-227J, रहिका से रामपट्टी (मधुबनी बाईपास), एनएच-527A और विदेश्वर स्थान से भेजा एनएच-527A के 88.65 किमी लंबे पथ का निर्माण कार्य कराया जाएगा.
1508 करोड़ की लागत से बनने वाले एनएच-2 के औरंगाबाद से चोरदाहा/झारखंड बॉर्डर खंड तक का 6-लेन परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा. इसकी कुल लंबाई 69.53 किमी होगी.
185 करेाड़ के लागत से गोपालगंज शहर में एन०एच०-27 के फ्लाई ओवर एलिवेटेड 4-लेन परियोजना का निर्माण कार्य का शुभारंभ किया जाएगा।
256 करोड़ की लागत से 4-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर की 4.23 किमी लंबी सड़क परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा.
70 करोड़ की लागत से जयनगर बाईपास पर अप्रोच रोड के साथ 2-लेन की आरओबी परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा.
88 करोड़ की लागत से एम्स (पटना) से नौबतपुर तक पेव्ड शोल्डर सहित 2-लेन की 10.84 किमी लंबी सड़क परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा.
98 करोड़ की लागत से पेव्ड शोल्डर सहित 2/4 लेन कायमनगर-जीरोमाइल सड़क परियोजना, जिसकी कुल लम्बाई 8.6 किमी की होगी का शिलान्यास किया जाएगा.
1589 करोड़ की लागत से ग्रीनफील्ड एनएच-80 के मुंगेर से खरिया गांव जंक्शन (पैकेज-1) तक 4 लेन सड़क परियोजना, जिसकी कुल लम्बाई 26 किमी की होगी का निर्माण कार्य किया जाएगा.
1069 करोड़ की लागत से ग्रीनफील्ड एनएच-80 के खरिया गांव जंक्शन से भागलपुर बाईपास (पैकेज-2) तक 4 लेन सड़क परियोजना, जिसकी कुल लंबाई 29 किमी की होगी का निर्माण कार्य किया जाएगा.
1905 करोड़ की लागत से ग्रीनफील्ड एनएच-80 के भागलपुर बाईपास से रसूलपुर (पैकेज-3) तक 4 लेन सड़क परियोजना, जिसकी कुल लम्बाई 32 किमी की होगी का निर्माण कार्य किया जाएगा.
1225 करोड़ की लागत से ग्रीनफील्ड एनएच-80 के रसूलपुर से मिर्जाचौकी (पैकेज-4) तक 4 लेन सड़क परियोजना, जिसकी कुल लंबाई 37 किमी की होगी का निर्माण कार्य किया जाएगा.
566 करोड़ की लागत से पेव्ड शोल्डर सहित 2-लेन भागलपुर-मिर्जा चौकी सड़क परियोजना (एनएच-80), जिसकी कुल लंबाई 57 किमी की होगी का शिलान्यास किया जाएगा.
478 करोड़ की लागत से पेव्ड शोल्डर सहित 2-लेन मुंगेर-भागलपुर वर्तमान सड़क परियोजना (एनएच-80), जिसकी कुल लंबाई 51 किमी की है, का उन्नयन कार्य कराया जाएगा.
Source : News18









