जमुई. बिहार के नक्‍सल प्रभावित जमुई जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है. सुरक्षाकर्मियों और नक्‍सलियों के बीच हुए मुठभेड़ दो राज्‍यों में वांछित कुख्‍यात नक्‍सली एरिया कमांडर मारा गया है. मारे गए माओवादी एरिया कमांडर पर बिहार और झारखंड मे 50 से भी ज्‍यादा मामले दर्ज हैं. सुरक्षाबलों और नक्‍सलियों के बीच सगदरी के जंगल में एनकाउंटर की घटना हुई है. नक्‍सली कमांडर मारा गया, लेकिन उसके अन्‍य साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे. फिलहाल मुठभेड़ स्‍थल से भागे नक्‍सलियों की तलाश में जंगल में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

जानकारी के अनुसार, जिले के गरही थाना इलाके के सगदरी जंगल में बीती रात पुलिस और नक्सली के बीच मुठभेड़ हो गई. इसमें मतलू तुरी नाम का कुख्‍यात नक्‍सली मारा गया है. मतलू तुरी नक्सली संगठन भाकपा माओवादी में एरिया कमांडर था. मारे गए नक्सली के पास से एक इंसास राइफल, जिंदा कारतूस के साथ नक्सली सामग्रियां बरामद की गई हैं. पुलिस को सगदरी के जंगल में नक्‍सलियों की मौजूदगी की गुप्‍त सूचना मिली थी. इसके आधार पर पुलिस ने देर रात सर्च अभियान शुरू किया था. इस दौरान पुलिस पर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में नक्‍सलियों का एरिया कमांडर मतलू तुरी मारा गया.

बिहार-झारखंड में केस दर्ज

मारे गए नक्सली मतलू तुरी पर बिहार और झारखंड में दर्जनों केस दर्ज हैं. पुलिस ने बताया कि नक्सली कमांडर मतलू तुरी के अपने दस्ते के साथ सगदरी के जंगल में मौजूद होने की सूचना मिली थी. इसके बाद एसएसबी और जिला पुलिस ने सर्च अभियान शुरू कर दिया. सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं. पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की जिसमें हार्डकोर नक्सली मतलू तुरी ढेर हो गया. बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के बाद बाकी नक्सली मौके से भाग गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए सर्च अभियान चलाया गया है. मुठभेड़ में मारे गए नक्सली के पास से एक इंसास राइफल, दर्जनों जिंदा कारतूस, बड़ी मात्रा में कैश के अलावा डेटोनेटर और नक्सली सामान बरामद हुआ है. मुठभेड़ में मारे गए नक्सली पर बिहार और झारखंड के विभिन्‍न जिलों में 50 से अधिक केस दर्ज हैं. मतलू तुरी 12 साल से नक्सली संगठन भाकपा माओवादी में सक्रिय था.

जंगल क्षेत्र में नक्‍सलियों का डेरा

मतलू तुरी के अलावा ख़ैरा के गिद्धेश्वर जंगल इलाके में नक्सली कमांडर पिंटू राणा और करुणा अपने दस्ते के साथ सक्रिय रहते हैं. मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए एएसपी ऑपरेशन ओंकार नाथ सिंह ने बताया कि मारे गए नक्सली का नाम मतलू तुरी है, जिसके पास से हथियार और कारतूस बरामद किया गया है. बाकी चीजों की छानबीन की जा रही है.

Source : News18

umanag-utsav-banquet-hall-in-muzaffarpur-bihar

nps-builders

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *