कैमूर. बड़ी खबर बिहार के कैमूर जिले से है जहां तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के अमावं गांव के पास हाईवा की चपेट में आने से ई रिक्शा पर सवार छह लोगों की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि हाईवा भभुआ की तरफ जा रहा था तभी अमावं के पास ई-रिक्शा में बैठकर आ रहे लोगों को सामने से जोरदार टक्कर मार दिया.

इस सड़क दुर्घटना में सभी लोग घायल हो गए, वहीं एक की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच लोगों की अस्पताल ले जाते वक्त मौत हो गई. स्थानीय लोगों के मुताबिक हाईवा रॉन्ग साइड से जा रहा था और इसी कारण ये जोरदार टक्कर हुई. ई-रिक्शा में टक्कर मारने के बाद हाईवा ने 10–15 मीटर आगे जाकर एक खड़े टैंपू में टक्कर मारी तब जाकर रुका. गनीमत ये रही कि टेम्पू खाली था टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग सुनते ही वहा पहुंचे गए.

मौके पर पुलिस की टीम पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने लोगों की मदद से बाकी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है. जिन लोगों की हालत नाजुक है उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
Source : News18









