गोपालगंज. बिहार के गोपालगंज स्थित ऐतिहासिक थावे मंदिर की सुरक्षा में बड़ी लापरवही सामने आयी है. सोमवार को मंदिर की सुरक्षा में लगे 12 सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया. सीसीटीवी बंद होने के दौरान सात महिला श्रद्धालुओं के गले से चेन उड़ा लिये गये. अचानक हुए चेन स्नेचिंग की वारदात से पूरे मंदिर परिसर में अफरातफरी मच गयी. महिलाओं श्रद्धालुओं ने इसकी शिकायत पुलिस से की. पुलिस जब जांच करने मंदिर परिसर पहुंची तो सीसीटीवी कैमरा बंद पाया गया, जिसके बाद हड़कंप मच गया. इतनी बड़ी लापरवाही कैसे बरती गयी. पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गये और इसकी हाइलेवल की जांच शुरू कर दी गयी है.

सुरक्षाकर्मियों पर उठे सवाल
चेन स्नेचिंग की शिकार हुईं महिला श्रद्धालु इस मामले में मंदिर के पुजारियों और सुरक्षाकर्मियों को दोषी ठहराते हुए थावे थाने में एफआइआर दर्ज कराने पहुंच गयीं. पुजारियों को जब कार्रवाई की जानकारी हुई तो सभी थावे थाना पहुंच गये और महिला श्रद्धालुओं के द्वारा लगाये गये आरोप को बेबनियाद बताते हुए थाने का घेराव किये. स्थिति की जानकारी मिलने पर बीडीओ मनीष कुमार सिंह और सीओ सिद्धनाथ सिंह थावे थाना पहुंच गये और मामले की जांच शुरू कर दी. अधिकारियों के समझाने पर पुजारी और महिला श्रद्धालु शांत हो गये.

बंद थे सीसीटीवी कैमरे
दरअसल सोमवार को कड़ी धूप होने के बावजूद थावे मंदिर में काफी भीड़ उमड़ी थी. भीड़ में चेन स्नेचिंग करने वाले उच्चके भी मंदिर में घुस गये और एक-एक कर दर्जनभर महिला श्रद्धालुओं से सोने की चेन, मोबाइल और पर्स उड़ा लिये. मंदिर के गर्भगृह में इतनी बड़ी वारदात होने के बाद जब सीसीटीवी की जांच के लिए पुलिस टीम पहुंची तो कैमरा बंद पाया गया. जिसके बाद सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया. आखिर किसने सीसीटीवी को बंद कराने की साजिश रची. बीडीओ ने इस पूरे मामले में जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है.

सुरक्षा में तैनात सैप जवानों से हुई पूछताछ
ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर परिसर में सुरक्षा के लिए चार सैप जवान और एक हवलदार की प्रतिनियुक्ति की गई है. उसके बावजूद भी मंदिर में प्रतिदिन चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही है. वहीं सैप के हवलदार प्रभात कुमार झा से थाना परिसर में थानाध्यक्ष द्वारा पूछताछ की गई. विदित हो कि सोमवार व शुक्रवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालु पूजा करने आते हैं, लेकिन सुरक्षा के नाम पर सिर्फ चार जवानों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो भीड़ के आगे बौनी नजर आती है.

एक ही दिन दो बाइक की चोरी
थावे मंदिर में चोरों की नजर सिर्फ श्रद्धालुओं की चेन व मोबाइल-पर्स पर नहीं है, बल्कि श्रद्धालुओं की बाइक पर भी है. सोमवार को दुर्गा मंदिर परिसर में दर्शन करने आये भाई-बहन की बाइक अज्ञात चोरों द्वारा मंदिर परिसर से चोरी कर ली गई. छपरा जिला के कोपा थाना के कोपा निवासी नीरज कुमार राय अपने बहन के साथ बाइक से पूजा करने दुर्गा मंदिर आये थे. वे अपनी बाइक मंदिर परिसर के मुख्य द्वार के सामने लगाकर पूजा करने चले गये. जब वे पूजा कर वापस आये तो बाइक चोरी हो चुकी थी. उचकागांव गांव थाना के बरारी जगदारी गांव के अंजेश कुमार चौरसिया की बाइक चोरी कर ली गयी.
Source : News18







