बिहार में मंगलवार को बारिश के दौरान अलग-अलग इलाकों से व्रजपात की वजह से 19 लोगों की मौत होने की खबर है। बिहार के बेतिया और मोतिहारी में ठनका गिरने से दो बच्चों समेत 6 लोगों की जान चली गई। वहीं सारण में पांच तो अररिया में तीन की मृत्यु हो गई। साथ ही भोजपुर में चार और नवादा में एक इंसान ने बिजली गिरने के बाद दम तोड़ दिया है। व्रजपात से गई मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए नीतीश कुमार सरकार ने मृतकों के आश्रितों को चार-चार लाख देने का ऐलान किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम चंपारण के मझौलिया व नौतन और पूर्वी चंपारण के पलनवा छौड़ादानो व सुगौली में मंगलवार को ठनका गिरने से दो बच्चों सहित छह की मौत हो गई और तीन लोग घायल हो गए। वहीं सारण में मां -बेटी समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है।

बाइक से मायके लौट रही महिला पर गिरी बिजली
कलावती देवी स्थानीय थाने के टरवा गांव के लवकुश महतो की पत्नी थी। इस घटना में उसकी दुधमुंही बच्ची की भी मौत हो गई है। वह एक साल की बताई जा रही है। मृतका कलावती देवी अपने भाई अरुण महतो के साथ बाइक से मायके बजहिया आ रही थी। दो किमी दूर ही उसका मायके था। इस बीच वह ठनका की शिकार हो गई।
Source: Live Hindustan









