बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। सोशल मीडिया पर उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके पार्टी गठन को लेकर जो भी चर्चाएं चल रही हैं, वो पूरी तरह भ्रामक और झूठी हैं। तेज प्रताप ने इस तरह की खबरों को फैलाने वालों को आरजेडी का ‘जयचंद’ करार दिया और लोगों से अपील की कि वे इन अफवाहों पर भरोसा न करें।

गुरुवार देर रात सोशल मीडिया पोस्ट में तेज प्रताप ने अपने पिता और आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के साथ कुछ पुरानी तस्वीरें भी साझा कीं। साथ ही उन्होंने लिखा, “अब तो सारी हदें पार हो गईं, एक ‘जयचंद’ ने ये तक कह दिया कि मैं नई पार्टी बना रहा हूं। बिहार की जनता से आग्रह है कि इस तरह की खबरों को गंभीरता से न लें। जय हिंद, जय बिहार, जय राजद!”

हाल ही में तेज प्रताप ने एक वीडियो भी पोस्ट किया था जिसमें वे अपने नए ऑफिस में नजर आए थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद कई मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह अटकलें लगाई गईं कि वे जल्द ही अलग पार्टी का एलान कर सकते हैं। हालांकि अब उन्होंने इस संभावना को साफ तौर पर नकार दिया है।

गौरतलब है कि पिछले महीने तेज प्रताप उस वक्त चर्चा में आए थे जब उनके सोशल मीडिया अकाउंट से एक लड़की अनुष्का यादव के साथ तस्वीर साझा की गई थी और दावा किया गया कि वे दोनों 12 सालों से रिश्ते में हैं। हालांकि, यह पोस्ट कुछ ही देर बाद डिलीट हो गया और तेज प्रताप ने इसे हैकिंग करार दिया। इसके बावजूद, सोशल मीडिया पर तेज प्रताप और अनुष्का की कई और तस्वीरें वायरल होने लगीं।

इसके बाद आरजेडी प्रमुख लालू यादव ने तेज प्रताप को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया और परिवार से भी अलग कर दिया। तब से तेज प्रताप लगातार यह आरोप लगाते रहे हैं कि पार्टी के भीतर कुछ ‘जयचंद’ किस्म के लोग उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD