बिहार के मुज़फ्फरपुर से निकला एक और सितारा अब देश की सुरक्षा के आकाश में ऊँचाई से चमकेगा। साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अमर्त्य सिंह ने 14 जून को वायुसेना अकादमी, हैदराबाद से पासिंग आउट कर भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर के रूप में अपनी नई उड़ान शुरू कर दी है।

अमर्त्य को वायुसेना की इंजीनियरिंग ब्रांच में कमीशन मिला है और खास बात यह रही कि उन्होंने अपने B.Tech कोर्स में सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर ‘सर्वश्रेष्ठ अकादमिक कैडेट’ का सम्मान भी हासिल किया। यह सिर्फ उनके परिवार के लिए नहीं, बल्कि पूरे बिहार खासकर मुज़फ्फरपुर के लिए गर्व का पल है।

अमर्त्य के पिता, अवधेश कुमार व्यवसायी हैं, जबकि उनकी मां संगीता कुमारी एक गृहिणी हैं। अमर्त्य की शुरुआती शिक्षा पश्चिम बंगाल के सैंटिक स्कूल, पुरुलिया में हुई और वर्ष 2021 में उन्होंने NDA (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) में प्रवेश लिया। चार वर्षों की कठोर सैन्य ट्रेनिंग के बाद अब वह मातृभूमि की रक्षा के लिए पूर्ण रूप से तैयार हैं।

अपने सफर के बारे में अमर्त्य बताते हैं, “हर दिन खुद को बेहतर बनाने की कोशिश की। मेरे माता-पिता और परिवार का सहयोग मेरे लिए सबसे बड़ी ताकत रहा। यह सिर्फ मेरी नहीं, हर उस युवा की जीत है जो सपने देखता है और उन्हें पूरा करने का साहस रखता है।”

अमर्त्य का यह मुकाम न सिर्फ सैन्य सेवाओं में जाने की चाह रखने वाले युवाओं को प्रेरित करेगा, बल्कि यह दिखाता है कि कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
मुज़फ्फरपुर और बिहार को मिला एक और हीरो, जो अब देश की हिफाज़त के लिए आसमान में तैनात रहेगा।









