बिहार के सिवान जिले से एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान भी किया और सोचने पर भी मजबूर कर दिया। सिवान के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टड़वा गांव की रहने वाली रिंकी देवी नामक महिला ने अपनी पालतू मुर्गी की हत्या का आरोप अपने ही देवर और ननद पर लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

रिंकी देवी सोमवार को थाने पहुंचीं तो एक हाथ में मरी हुई मुर्गी और दूसरे हाथ में लिखित आवेदन था। जब वह थाना प्रभारी के सामने पेश हुईं, तो वहां मौजूद लोगों को पहले यह घटना सामान्य लगी, लेकिन महिला की गंभीरता और भावनात्मक जुड़ाव ने पूरे मामले को संवेदनशील बना दिया।

महिला का कहना है कि यह सिर्फ एक मुर्गी नहीं थी, बल्कि वह उसे अपने बच्चे की तरह प्यार करती थीं। उन्होंने बताया कि वह रोज उसे अपने साथ सुलाती थीं और उसकी देखभाल करती थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि अंडे को लेकर विवाद के बाद उनके देवर गुड्डू और ननद सोनम व शिला ने मिलकर मुर्गी की गला दबाकर हत्या कर दी।

रिंकी देवी के मुताबिक, उनका देवर रोज उस मुर्गी के दो अंडे खाता था। इसी बात को लेकर कुछ दिन पहले घर में बहस हुई थी और फिर सोमवार को मुर्गी की जान ले ली गई। महिला ने थाने में रोते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी अशोक दास ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और फिलहाल 107 की धारा के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामला भले ही अजीब लगे, लेकिन महिला की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।









