वैशाली से देवरिया स्टेशन के बीच ट्रेन सेवा शुक्रवार से शुरू हो गई है। इस नई सुविधा से पारू, सरैया और देवरियाकोठी जैसे इलाकों के यात्रियों को सीधे हाजीपुर और पटना पहुंचने में अब अधिक सहूलियत मिलेगी।

हाजीपुर से चलने वाली डेमू सेवा को अब देवरिया स्टेशन तक बढ़ाया गया है। इस रूट पर पारू खास और सरैया को हॉल्ट स्टेशन बनाया गया है। अभी तक यह सेवा सिर्फ वैशाली तक सीमित थी, लेकिन अब इसका विस्तार यात्रियों के हित में किया गया है।

देवरियाकोठी में आयोजित मुख्य समारोह में वैशाली सांसद वीणा देवी, पर्यटन मंत्री सह साहेबगंज विधायक डॉ. राजू कुमार सिंह राजू और पारू विधायक अशोक कुमार सिंह की उपस्थिति रही। सोनपुर मंडल के वरीय वाणिज्य प्रबंधक रोशन कुमार ने जानकारी दी कि ट्रेन सेवा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बुधवार को सोनपुर मंडल के अधिकारियों ने पारू खास स्टेशन का निरीक्षण भी किया था। ज्ञात हो कि इस परियोजना का शिलान्यास पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने 10 फरवरी 2004 को वैशाली गढ़ से किया था।

स्थानीय लोगों ने नई रेल सेवा पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि अब बसों पर निर्भरता कम होगी, जिससे ना सिर्फ समय की बचत होगी बल्कि किराये में भी राहत मिलेगी। मंत्री राजू कुमार सिंह ने आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD