मुजफ्फरपुर। मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत दर्ज उत्पाद थाना कांड संख्या 791/25 में गिरफ्तार 38 वर्षीय अभियुक्त बालेंद्र कुमार राय की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। बालेंद्र, मोतीपुर थाना क्षेत्र के भवानीडीह गांव निवासी थे और उन्हें 19 जून को न्यायालय में रिमांड पर प्रस्तुत किया जा रहा था, इसी दौरान कोर्ट परिसर में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालेंद्र को न्यायालय में पेश करने से पूर्व 19 जून को सदर अस्पताल में चिकित्सीय जांच के लिए लाया गया था। चिकित्सकों ने उनकी जांच के बाद प्रमाणपत्र जारी किया और कहा कि उनकी तबीयत सामान्य है। इसके बाद उन्हें कोर्ट ले जाया गया, जहां परिसर में उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। तुरंत उन्हें पुनः सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने पूरे मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने शव का पोस्टमॉर्टम मेडिकल बोर्ड से कराने, पूरे प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने और एक दंडाधिकारी की तैनाती के आदेश दिए हैं।

साथ ही, डीएम ने इस मामले में न्यायिक जांच की अनुशंसा जिला एवं सत्र न्यायाधीश से की है और कहा है कि इसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को भी भेजी जाएगी।
घटना के बाद से मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी कानूनी प्रक्रियाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।










