पटना। बिहार में पुलिस बल को सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज (शनिवार) राजधानी पटना के बापू सभागार में 21391 नव चयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसकी जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की।

मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट में लिखा कि 28 जून राज्य के युवाओं और बिहार पुलिस दोनों के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है। उन्होंने बताया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हमेशा से कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना रही है, और इसी क्रम में लगातार पुलिस बल की संख्या बढ़ाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि जब 24 नवम्बर 2005 को उनकी सरकार ने कार्यभार संभाला था, तब राज्य में कार्यरत पुलिसकर्मियों की संख्या केवल 42481 थी। लेकिन 2006 से ही इस संख्या में निरंतर वृद्धि की जा रही है। अब तक सरकार द्वारा 2.29 लाख से अधिक पुलिस पदों का सृजन किया गया है, जिसमें से बड़ी संख्या में बहालियां की जा चुकी हैं और प्रक्रिया जारी है।

नीतीश कुमार ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में बिहार पुलिस को और अधिक संसाधन, जनशक्ति और तकनीकी ताकत दी जाएगी ताकि राज्य में शांति, सुरक्षा और कानून का राज और भी बेहतर हो सके।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD