मुजफ्फरपुर। श्रावणी मेला को तकनीक के साथ भक्तिमय बनाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त रूप से एक खास मोबाइल एप विकसित किया है। इस ‘श्रावणी मेला मोबाइल एप’ पर श्रद्धालुओं के लिए क्विज और फोटो प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया है, जिसमें भाग लेने वाले विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इस एप को आईआईटी पटना के इंटर्न छात्रों द्वारा तैयार किया गया है, जो फिलहाल एंड्रॉइड प्लेटफॉर्म पर नि:शुल्क उपलब्ध है। नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे इस एप को डाउनलोड कर इसका अधिकतम लाभ लें।

प्रतियोगिता में कैसे लें भाग

श्रद्धालुओं को मेला से संबंधित फोटो एप पर अपलोड करनी होगी, साथ ही क्विज के सवालों के सही उत्तर देने होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रक्रिया सरल और उपयोगकर्ता अनुकूल रखी गई है।

एप की विशेष विशेषताएं
• लाइव दर्शन: बाबा गरीबनाथ मंदिर से सीधा प्रसारण की सुविधा
• भीड़ की लाइव जानकारी: मंदिर क्षेत्र में मौजूद भीड़ की रीयल-टाइम स्थिति
• भक्तिमय संगीत: शिव भजनों का संकलन
• रूट मैप और ट्रैकिंग: धर्मशाला, भंडारा, पार्किंग, शौचालय, जलस्रोत आदि की लोकेशन
• संस्कृति व इतिहास अनुभाग: बाबा गरीबनाथ मंदिर, श्रावणी मेला और मुजफ्फरपुर से जुड़ी ऐतिहासिक व सांस्कृतिक जानकारी
• 12 ज्योतिर्लिंगों की वर्चुअल पूजा: देशभर के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों का डिजिटल दर्शन
• खोया-पाया और आपातकालीन सहायता: मेला में खोई वस्तुएं या व्यक्ति और इमरजेंसी हेल्पलाइन जानकारी
• मार्गदर्शक नंदी व पर्यटक स्थल: मेला से जुड़े प्रमुख स्थल और दर्शनीय स्थानों का विवरण

उपमुख्यमंत्री ने किया था लांच

श्रावणी मेला के उद्घाटन अवसर पर इस एप का लॉन्च उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा द्वारा किया गया था। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था और तकनीकी सुविधा का आदर्श मेल बताया था।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD