उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद देश की सियासत में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अगला उपराष्ट्रपति बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालाँकि अब तक इस विषय पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन चर्चाओं का बाजार गर्म है।

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए बिहार विधानसभा पहुंचे बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा, “अगर नीतीश कुमार उपराष्ट्रपति बनाए जाते हैं, तो यह बिहार के लिए बेहद शुभ संकेत होगा। इससे अच्छी बात कुछ और नहीं हो सकती।” उन्होंने विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान यह बात कही।

इधर, विपक्ष ने इस चर्चा पर तंज कसते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीतीश कुमार को ‘साइडलाइन’ करने की रणनीति पर काम कर रही है। उनका दावा है कि नीतीश कुमार के नाम पर गठबंधन चुनाव लड़ेगा, लेकिन मुख्यमंत्री पद किसी और को सौंपा जाएगा। विपक्ष के इस आरोप को नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के ट्वीट से और बल मिला है।

उल्लेखनीय है कि जगदीप धनखड़ ने सोमवार को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र सौंपते हुए प्रधानमंत्री, मंत्रिपरिषद और सांसदों का आभार भी जताया। गौरतलब है कि धनखड़ का कार्यकाल 10 अगस्त 2027 तक शेष था, जिससे उनके अचानक इस्तीफे को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।

धनखड़ वर्ष 2022 में उपराष्ट्रपति बने थे। इससे पहले वह पश्चिम बंगाल के राज्यपाल रह चुके थे। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उनके इस्तीफे के पीछे कुछ बड़े राजनीतिक समीकरण छिपे हो सकते हैं, जिनका खुलासा आने वाले समय में हो सकता है।









