पटना में आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बिहार कैबिनेट की बैठक में 41 महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। राज्य के विकास और जनकल्याण से जुड़े इन प्रस्तावों में कई अहम योजनाएं शामिल रहीं।
बैठक में पत्रकारों की पेंशन योजना में संशोधन को स्वीकृति दी गई। हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित पत्रकारों की पेंशन राशि को 6000 से बढ़ाकर 15,000 रुपये करने के प्रस्ताव को भी आज कैबिनेट की मुहर मिल गई।

राजगीर में बनने वाली अंतरराष्ट्रीय खेल अकादमी के लिए 1100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है, जो राज्य के खेल क्षेत्र को एक नई दिशा देगी। साथ ही बिहार राज्य युवा आयोग में 6 नए पदों के सृजन को भी मंजूरी मिली है।
लोक सांस्कृतिक दृष्टिकोण से अहम माने जाने वाले मुंगेर के सीताकुंड मेले को राष्ट्रीय मेले का दर्जा प्रदान किया गया है। कन्या उद्योग योजना, आंगनबाड़ी और पोषण योजना 2.0 को भी स्वीकृति दी गई है, जिसमें 115 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई।

राज्य में अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए कई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इनमें छपरा जिले में एक फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 696.26 करोड़ रुपये, और राम मनोहर लोहिया पथ निर्माण के लिए 675.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति शामिल है।
पटना में एम्स से दीघा के बीच रेल और सड़क पुल के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं, कृषि विभाग में प्रशासनिक कार्यों के लिए प्रखंड कृषि अधिकारियों की नियुक्ति, और गन्ना उद्योग से संबंधित ईंख सेवा एवं भर्ती नियमावली 2025 को भी मंजूरी मिली है।

इसके अलावा ग्रामीण कार्य विभाग की प्रयोगशाला संवर्ग में भर्ती और सेवा शर्त नियमावली 2025 तथा सफाई कर्मचारी आयोग के गठन को भी कैबिनेट की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई है।









