हाजीपुर : परिचालनिक दक्षता और प्रशासनिक सुधार की दिशा में केंद्र सरकार ने रेलवे मंडलों के क्षेत्राधिकार में एक बड़ा बदलाव किया है। पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत आने वाले मुजफ्फरपुर जंक्शन से समस्तीपुर जंक्शन तक के रेलखंड को अब सोनपुर मंडल से हटाकर समस्तीपुर मंडल में स्थानांतरित कर दिया गया है। यह परिवर्तन 1 सितंबर 2025 से प्रभाव में आएगा। इस संबंध में केंद्र सरकार द्वारा गजट अधिसूचना जारी कर दी गई है।

किन स्टेशनों को किया गया स्थानांतरित:

इस निर्णय के तहत निम्नलिखित स्टेशन अब समस्तीपुर मंडल के अधीन आएंगे:
मुजफ्फरपुर, नारायणपुर अनंत, सिलौत, सिहो, ढोली, दुबहा, विष्णुपुर बथुआ हाल्ट, खुदीराम बोस पूसा और कर्पूरी ग्राम स्टेशन।

क्षेत्राधिकार सीमा में बदलाव:

मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड पर सोनपुर और समस्तीपुर मंडलों के बीच नई क्षेत्राधिकार सीमा को मुजफ्फरपुर और रामदयालु नगर स्टेशनों के बीच किलोमीटर 50.000 पर निर्धारित किया गया है।

इसके साथ ही निम्नलिखित मौजूदा सीमाएं समाप्त मानी जाएंगी, क्योंकि ये अब पूर्णतः समस्तीपुर मंडल के अधीन आ जाएंगी:
• मुजफ्फरपुर-कपरपुरा स्टेशन – किलोमीटर 92.800
• मुजफ्फरपुर-जुब्बा सहनी स्टेशन – किलोमीटर 0.744
• समस्तीपुर-कर्पूरी ग्राम स्टेशन – किलोमीटर 36.820

प्रशासनिक और परिचालनिक लाभ:

इस परिवर्तन से संबंधित रेलखंडों में प्रबंधन और संचालन में तेजी, संसाधनों का समुचित उपयोग, और यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। समस्तीपुर मंडल, जो पहले से इन क्षेत्रों से जुड़ा है, अब इस विस्तारित दायरे के साथ और प्रभावी रूप से कार्य कर सकेगा।

यह कदम रेलवे प्रशासन के “एक मंडल – एक क्षेत्रीय नियंत्रण” दृष्टिकोण की दिशा में एक ठोस प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

यह बदलाव 1 सितंबर 2025 से प्रभावी होगा। सभी संबंधित स्टेशन इस तिथि से समस्तीपुर मंडल के अंतर्गत संचालित किए जाएंगे।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD