पटना, 31 जुलाई 2025 — बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक के पास आयोजित समारोह में कुल 574.16 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी सात विकास योजनाओं का शिलान्यास किया। ये सभी योजनाएं मुख्यमंत्री द्वारा जनवरी में प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं से संबंधित हैं।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने रेलवे समपार संख्या 4ए पर बनने वाले आरओबी, चांदनी चौक से बखरी और रामदयालु नगर तक सड़क चौड़ीकरण, शिवहर-मीनापुर-कांटी पथ के मजबूतीकरण, और गायघाट प्रखंड में भट्टगामा मधुरपट्टी घाट पर आरसीसी पुल निर्माण जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की आधारशिला रखी। इनमें से प्रमुख योजनाएं इस प्रकार हैं:
• रामदयालु नगर-मुजफ्फरपुर स्टेशन के बीच आरओबी निर्माण: लागत ₹167.68 करोड़
• सिपहापुर से चकमुहब्बत तक सड़क निर्माण (फेज-2): लागत ₹120.93 करोड़
• चांदनी चौक से रामदयालु नगर चौड़ीकरण: लागत ₹44.76 करोड़
• चांदनी चौक से बखरी चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण (7 किमी): लागत ₹89.77 करोड़
• शिवहर-मीनापुर-कांटी पथ (किमी 20.43 से 29.80): लागत ₹52.56 करोड़
• शिवहर-मीनापुर-कांटी पथ (एनएच 28 से रघई घाट तक 9.7 किमी): लागत ₹74.18 करोड़
• गायघाट में मधुरपट्टी घाट पर आरसीसी पुल (174.24 मीटर लंबा): लागत ₹24.28 करोड़

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री पताही स्थित टीचर ट्रेनिंग कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना, जीविका और आंगनबाड़ी सेविकाओं से संवाद किया।
पेंशन लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया कि अब उन्हें ₹1100 मासिक पेंशन मिल रही है। मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल और अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत लाभुकों को ₹1 लाख के चेक प्रदान किए।
मुख्यमंत्री विद्युत उपभोक्ता सहायता योजना के तहत हर घरेलू उपभोक्ता को 125 यूनिट बिजली निःशुल्क दिए जाने की घोषणा पर वहां मौजूद उपभोक्ताओं ने सीएम को धन्यवाद दिया। इससे आम परिवारों को आर्थिक राहत मिल रही है और बच्चों की पढ़ाई में भी मदद हो रही है।

आशा कार्यकर्ताओं ने तिगुनी प्रोत्साहन राशि मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था में आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है और सरकार उनकी सुविधाओं का ख्याल रखेगी। पंचायत प्रतिनिधियों ने मासिक भत्ते में डेढ़ गुना वृद्धि के लिए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 5642 स्वयं सहायता समूहों को ₹105 करोड़ और 201 समूहों को ₹2.11 करोड़ के सांकेतिक चेक सौंपे। जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री से अपने कार्यों की जानकारी साझा की और बताया कि कैसे योजनाओं ने उनके जीवन को बदला है।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्यमंत्री ने मुजफ्फरपुर-बाईपास आरओबी के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि शेष कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु हो सके। यह प्रोजेक्ट ₹250 करोड़ की लागत से 16.87 किमी लंबाई में बनाया जा रहा है।

गौरतलब है कि 5 जनवरी 2025 को मुख्यमंत्री ने प्रगति यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर के विकास कार्यों का निरीक्षण किया था और इन्हीं में से 574.16 करोड़ रुपये की सात योजनाओं का आज शिलान्यास किया गया। इनमें बिहार राज्य पुल निर्माण निगम की तीन, पथ निर्माण विभाग की तीन और ग्रामीण कार्य विभाग की एक योजना शामिल है।
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, विधान पार्षद दिनेश सिंह, पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार और सचिव भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।








