मुजफ्फरपुर जिले के बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विकास को नया आयाम देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में एक व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। इस बैठक में विभिन्न अधोसंरचना परियोजनाओं की स्थिति की गहन समीक्षा की गई और विकास कार्यों को तेज़ गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

मार्च 2026 तक तैयार होंगे प्रमुख फ्लाईओवर और अंडरपास

बैठक में जानकारी दी गई कि मोतिहारी के कोटपा–महेशी रोड के अंतर्गत पटियासा चौक, मझौलिया चौक और गड़हा चौक पर फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं, वहीं संगम घाट पर अंडरपास का कार्य प्रगति पर है। इन सभी परियोजनाओं को मार्च 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है।

इसी प्रकार दरभंगा–पूर्णिया NH-27 पर खरिका, छिन्नमस्तिका मंदिर और नेताजी चौक में अंडरपास का निर्माण कार्य जारी है। कांटी स्थित NTPC के समीप भी एक प्रमुख फ्लाईओवर निर्माणाधीन है, जिससे आने वाले समय में ट्रैफिक का दबाव काफी कम होगा।

ईस्टर्न बायपास को लेकर तेजी

मुजफ्फरपुर शहर को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए दीघरा पट्टी से मझौलिया तक प्रस्तावित ईस्टर्न बायपास को लेकर भी अहम प्रगति हुई है। इसके एलाइनमेंट अनुमोदन का प्रस्ताव 10 दिनों के भीतर मुख्यालय भेजा जाएगा, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।

सोनबरसा परियोजना में भूमि अधिग्रहण तेज़

मुजफ्फरपुर-सोनबरसा परियोजना में भूमि अधिग्रहण की दिशा में ठोस प्रगति हुई है। सीमांकन कार्य पूरा हो चुका है और टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। पितौझिया, बेदौल असली और गोपालपुर गांवों में भुगतान किया जा चुका है। शेष पांच मौजों में से तीन के प्राक्कलन स्वीकृत हो चुके हैं, जबकि अन्य पर प्रक्रिया जारी है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर लगाकर शेष दस्तावेजों की प्राप्ति और भुगतान में तेजी लाई जाए।

पारु को मिला 700 एकड़ में नया इंडस्ट्रियल ज़ोन, जिला को नई उड़ान

बैठक का सबसे अहम हिस्सा पारु में प्रस्तावित औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ा रहा, जो जिले को औद्योगिक नक्शे पर और भी सशक्त करेगा। सरकार ने करीब 700 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को स्वीकृति दे दी है, जो मोतीपुर और बेला के बाद जिले का तीसरा बड़ा औद्योगिक केंद्र बनेगा।

अधिग्रहित भूमि निम्नलिखित मौजों से ली गई है:
• चैनपुर चिहुंटाहा: 250 एकड़
• भोजपट्टी: 95 एकड़
• चतुरपट्टी: 150 एकड़
• हरपुर (परफोर्स): 120 एकड़
• बिशनपुर सरिया (चादर संख्या-2): 85 एकड़

इस भूमि का अधिग्रहण आधारभूत संरचना विकास प्राधिकार, पटना द्वारा किया गया है। इस योजना के पूर्ण होते ही जिले में निवेश के नए अवसर, स्थानीय लोगों को रोजगार, और छोटे-बड़े उद्योगों को प्रोत्साहन मिलेगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD