MUZAFFARPUR : जिले के राजकीयकृत माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर जिला अनुकंपा समिति की बैठक 9 अगस्त को संपन्न हुई। बैठक में विद्यालय लिपिक एवं विद्यालय परिचारी के पदों पर नियुक्ति के लिए प्राप्त कुल 246 आवेदनों में से संधारित मेधा सूची के आधार पर 97 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

चयनित अभ्यर्थियों को 12 अगस्त 2025 को जिला परिषद सभागार, स्टेशन रोड, मुजफ्फरपुर में काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। इस अवसर पर सभी चयनित अभ्यर्थियों को अपने सभी मूल प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे।

जिन अभ्यर्थियों के आवेदन पत्रों या कागजातों में त्रुटि या आपत्ति पाई गई है, उन्हें 13 अगस्त 2025 तक जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, मुजफ्फरपुर में उपस्थित होकर वांछित एवं संगत कागजात प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। इन आवेदनों पर विचार जिला अनुकंपा समिति की अगली बैठक में किया जाएगा, जो 18 अगस्त 2025 को आयोजित होगी।

इस बैठक से जिले में शिक्षण संस्थानों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे विद्यालयों के प्रशासनिक कार्य और सुचारु रूप से संचालित हो सकेंगे।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD