पटना। पुलिस महानिदेशक विनय कुमार ने राज्य के पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को आम जनता, जनप्रतिनिधियों और पत्रकारों के साथ फोटो खिंचवाने या सेल्फी लेने से बचने का निर्देश जारी किया है। इसके लिए उन्होंने सभी क्षेत्रीय आईजी, डीआईजी और जिलों के एसपी को पत्र भेजकर अवगत कराया है।

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि कई बार कुछ लोग अपने निजी स्वार्थ के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ खींची गई तस्वीरों का गलत इस्तेमाल करने की कोशिश करते हैं। चूंकि पुलिस की जिम्मेदारियां संवेदनशील प्रकृति की होती हैं, इसलिए अधिकारियों को शिष्टाचार मुलाकात के दौरान भी फोटो या सेल्फी से यथासंभव परहेज करना चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस निर्देश की अवहेलना की गई तो संबंधित अधिकारियों पर आचार संहिता के प्रावधानों के अनुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी ने यह भी कहा कि बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली 1976 और अखिल भारतीय सेवा (आचार) नियमावली 1968 के प्रावधान पुलिस अधिकारियों पर भी समान रूप से लागू होते हैं।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD