राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने गुरुवार रात सोशल मीडिया पर यह दावा किया था कि उनके राजनीतिक जीवन के खिलाफ साजिश करने वाले पांच ‘जयचंदों’ को वे शुक्रवार को बेनकाब करेंगे। इस घोषणा के बाद पार्टी, परिवार और समर्थकों में उत्सुकता बढ़ गई। हालांकि, दिन से रात और फिर तारीख बदलने तक भी तेज प्रताप का न तो कोई ट्वीट आया और न ही बयान।

गुरुवार रात 10 बजकर 33 मिनट पर किए गए पोस्ट में तेज प्रताप ने लिखा था कि पांच परिवारों ने मिलकर उनकी राजनीति को खत्म करने की साजिश की है और वे इन सभी चेहरों का पर्दाफाश करेंगे। लेकिन शुक्रवार गुजर जाने के बाद भी उनका कोई खुलासा नहीं हुआ। नतीजतन, समर्थकों और मीडिया को मायूसी हाथ लगी।

तेज प्रताप इससे पहले भी ‘जयचंद’ का जिक्र कर चुके हैं। उन्होंने अनुष्का यादव से जुड़ी तस्वीरों के वायरल होने को साजिश बताते हुए आकाश यादव पर आरोप लगाया था। उनका कहना था कि कुछ लोग उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे ऐसे षडयंत्रों से हार नहीं मानेंगे और राजनीति में और मजबूती से आगे बढ़ेंगे।

गौरतलब है कि परिवार और पार्टी से अलग-थलग चल रहे तेज प्रताप ने अपनी ‘टीम तेज प्रताप’ बनाई है और हाल ही में पांच छोटे दलों के साथ गठबंधन भी किया है। उन्होंने विधानसभा चुनाव में दो सीटों से उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है और खुद महुआ सीट से लड़ने का ऐलान किया है। इसके अलावा एआईएमआईएम के साथ गठबंधन की भी चर्चा है।

Input : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD