मुख्यमंत्री ने आज पटना जिला अंतर्गत प्रगति यात्रा के दौरान की गयी घोषणाओं से संबंधित पटना शहरी (मध्य क्षेत्र) के लिए 1024.77 करोड़ रुपये लागत की विभिन्न योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर शिलान्यास/कार्यारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के क्रियान्वयन से पटना शहरी क्षेत्र के लोगों को बेहतर जनसुविधाएँ उपलब्ध होंगी।
बड़े प्रोजेक्ट का शिलान्यास
• पटेल गोलम्बर से इको पार्क तक और इको पार्क से अटल पथ तक भूमिगत नाला एवं 4 लेन सड़क (लागत 196.80 करोड़)।
• पटना शहरी क्षेत्र में विद्युत संरचनाओं के आधुनिकीकरण व सुदृढ़ीकरण के तहत बिजली के तारों को भूमिगत करने की परियोजना (लागत 328.52 करोड़)।
• विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्रावासों का जीर्णोद्धार, आधुनिकीकरण एवं सुदृढ़ीकरण (लागत 30.02 करोड़)।
• गांधी मैदान के नजदीक पटना हाट निर्माण कार्य (लागत 48.96 करोड़) तथा मंदिरी नाला पर निर्माणाधीन फोरलेन सड़क को जेपी गंगापथ से जोड़ने हेतु संपर्क पथ (लागत 52.28 करोड़)।
• जेपी गंगापथ समग्र उद्यान परियोजना (फेज-1), 7 किमी क्षेत्र में गंगा नदी के किनारे हरित क्षेत्र का विकास (लागत 387.40 करोड़)।
• सभ्यता द्वार से कलेक्टरेट घाट तक विचरण पथ (Promenade) (लागत 12.38 करोड़)।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं से पटना में आवागमन, सुंदरता और जनसुविधाओं में व्यापक सुधार होगा। उन्होंने छात्रों के छात्रावासों के जीर्णोद्धार को शिक्षा के लिए अहम बताते हुए कहा कि यह छात्रों के रहने और पढ़ाई करने की स्थिति को और बेहतर बनाएगा।

पृष्ठभूमि और तैयारी
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री ने 2024 के दिसंबर तथा 2025 के जनवरी-फरवरी में प्रगति यात्रा के दौरान सभी जिलों का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की थी। इस दौरान 50 हजार करोड़ की 430 नई योजनाओं की स्वीकृति दी गई थी। पटना जिले में 21 फरवरी 2025 को 32 घोषणाएँ की गई थीं। इनमें से कई योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास पहले ही किया जा चुका है।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख लोग
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव सह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पथ निर्माण विभाग के सचिव संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, ऊर्जा विभाग के सचिव मनोज कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त डॉ. चंद्रशेखर सिंह, बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शीर्षत कपिल अशोक, बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम (बीएसईआईडीसी) की प्रबंध निदेशक इनायत खान, पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, पटना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजय कुमार सिंह, पटना साइंस कॉलेज की प्राचार्या डॉ. अलका यादव, अन्य वरीय अधिकारी, नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।










