मुजफ्फरपुर, उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। जल्द ही इस क्षेत्र को दो और वंदे भारत ट्रेनों की सुविधा मिलने जा रही है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, पहली ट्रेन अयोध्या कैंट से पटना के बीच चलेगी, जो अयोध्या धाम, बस्ती, गोरखपुर, सिसवा बाजार, बगहा, नरकटियागंज, बेतिया, सुगौली, बापूधाम मोतिहारी, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र तक पहुंचेगी। करीब 565 किलोमीटर की दूरी यह ट्रेन लगभग 7 घंटे 45 मिनट में पूरी करेगी।
दूसरी नई वंदे भारत ट्रेन पूर्णिया से दानापुर के बीच संचालित होगी। यह ट्रेन पूर्णिया से चलकर मधेपुरा, सहरसा, खगड़िया, हसनपुर रोड, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और हाजीपुर होते हुए पाटलिपुत्र और दानापुर पहुंचेगी।

इन दोनों ट्रेनों की समय सारिणी पर फिलहाल काम चल रहा है और जल्द ही आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। गौरतलब है कि गोरखपुर से पहले से एक वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित हो रही है, जो बगहा, बेतिया, बापूधाम मोतिहारी और मुजफ्फरपुर होते हुए पाटलिपुत्र तक जाती है। शुरुआती दिनों में यात्री संख्या कम थी, लेकिन अब धीरे-धीरे इसमें वृद्धि दर्ज की जा रही है।











