हाजीपुर सहित पूरे उत्तर बिहार और राजधानी पटना के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। अब रोज़ाना घंटों जाम में फंसने की समस्या से छुटकारा मिलने वाला है। हाजीपुर में लगभग 500 करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबा 12-लेन का डबल डेकर फ्लाईओवर बनने जा रहा है। यह परियोजना नॉर्थ बिहार की पहली डबल डेकर फ्लाईओवर परियोजना होगी।

छपरा-मुजफ्फरपुर हाईवे से होगा सीधा कनेक्शन

नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। फ्लाईओवर का निर्माण रामाशीष चौक से पासवान चौक तक किया जाएगा। यह फ्लाईओवर छपरा-हाजीपुर हाईवे और मुजफ्फरपुर-हाजीपुर हाईवे को आपस में जोड़ देगा। इस परियोजना की डीपीआर तैयार है और सितंबर में टेंडर जारी होगा।

150 पिलर देंगे मजबूती

लगभग पांच किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर को मजबूती देने के लिए 150 पिलर बनाए जाएंगे। इसके साथ ही बीएसएनएल गोलंबर का सौंदर्यीकरण भी अलग से योजना के तहत किया जाएगा, जिससे शहर की भव्यता और बढ़ेगी।

ईंधन और समय की होगी बचत

वर्तमान में हाजीपुर के रामाशीष चौक और पासवान चौक पर प्रतिदिन सुबह-शाम जाम की गंभीर समस्या रहती है। इस कारण सीतामढ़ी, मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, शिवहर, बेतिया, छपरा और सीवान से आने-जाने वाले वाहनों को अक्सर घंटों रुकना पड़ता है। फ्लाईओवर बनने के बाद ईंधन और समय दोनों की बड़ी बचत होगी और ट्रैफिक का दबाव भी काफी कम होगा।

दो साल में तैयार होगा प्रोजेक्ट

टेंडर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा और इसे दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना पूरी होने के बाद शहर का यातायात सुगम होगा और हाजीपुर का विकास बड़े शहरों जैसा दिखाई देगा।

वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि डबल डेकर फ्लाईओवर बनने से हाजीपुर की तस्वीर बदल जाएगी। जिन वाहनों को शहर के भीतर आना होगा, वे नीचे की लेन से गुजरेंगे और जिन्हें उत्तर बिहार के शहरों में जाना होगा, वे ऊपरी फ्लाईओवर का उपयोग करेंगे। इससे गांधी सेतु तक जाम की समस्या समाप्त होगी और हाजीपुर को नई पहचान मिलेगी।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD