MUZAFFARPUR : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात के 125वें एपिसोड में मुजफ्फरपुर की करणपुरा पंचायत की देवकी देवी की सफलता की चर्चा पूरे देश से साझा की। संघर्षों के बीच अपने आत्मविश्वास और मेहनत से नई राह बनाने वाली देवकी अब ‘सोलर दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं।

देवकी देवी का जीवन आसान नहीं था। आर्थिक तंगी और पति की अनिश्चित आय के कारण परिवार को दो वक्त का भोजन जुटाने में भी मुश्किलें आती थीं। आधा कट्ठा जमीन पर खेती कर गुजारा चलाना चुनौतीपूर्ण था। ऐसे समय में जब उन्हें सौर सिंचाई योजना के बारे में पता चला, तो यह उनके लिए नई उम्मीद साबित हुई। पति की शंकाओं और वित्तीय बाधाओं के बावजूद उन्होंने स्वयं सहायता समूह (SHG) और सामुदायिक संसाधन केंद्र (CLF) के सहयोग से इस योजना से जुड़ने का साहस दिखाया।

देवकी बताती हैं कि पहले उनकी दुनिया घर की चारदीवारी तक ही सीमित थी, लेकिन अब हालात बदल गए हैं। आज उनकी सालाना आय 2.43 लाख रुपये तक पहुंच गई है। अपनी मेहनत और उपलब्धियों के कारण वे पूरे क्षेत्र में ‘सोलर दीदी’ के नाम से जानी जाती हैं। प्रधानमंत्री द्वारा मन की बात में उनका नाम सुनकर उन्हें गर्व और खुशी दोनों हुई।

देवकी देवी के प्रयासों से न केवल उनके परिवार का जीवन बदला बल्कि पूरे गांव की तस्वीर बदल गई। उनकी पहल से पांच किसानों के खेतों में शुरू हुई सौर सिंचाई अब 112 किसानों और 43 एकड़ से अधिक भूमि तक पहुंच चुकी है। इतना ही नहीं, वे 2343 घंटे तक लगातार सोलर पंप चलाने का रिकॉर्ड भी बना चुकी हैं।

गांव के किसानों का कहना है कि पहले डीजल पंप से सिंचाई पर 1.25 डिसमिल भूमि के लिए 150 रुपये खर्च होते थे, लेकिन सौर ऊर्जा से अब वही काम मात्र 30 रुपये में हो जाता है। इससे किसानों की बड़ी बचत हो रही है और खेती अधिक टिकाऊ बन गई है।

देवकी देवी की यह कहानी संघर्ष, सामुदायिक सहयोग और सशक्तीकरण का जीवंत उदाहरण है, जिसने पूरे क्षेत्र में नई प्रेरणा का संचार किया है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD