मुजफ्फरपुर/नई दिल्ली। मुजफ्फरपुर जिले के युवा मोटिवेटर और संगीत शिक्षक अंकित कुमार शर्मा को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें भारत स्काउट एंड गाइड द्वारा आयोजित राष्ट्रपति स्काउट, गाइड, रोवर और रेंजर अवॉर्ड रैली के अंतर्गत प्रदान किया गया।

यह रैली 28 अगस्त से हरियाणा के नेशनल यूथ सेंटर, पलवल में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से वर्ष 2016 में राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा उत्तीर्ण प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। 31 अगस्त को आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मंडविया (युवा कार्यक्रम एवं खेल, श्रम एवं रोजगार विभाग) द्वारा अंकित कुमार शर्मा सहित सभी चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

दरअसल, अंकित का चयन वर्ष 2016 में ही राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए हो गया था, लेकिन तकनीकी कारणों से यह सम्मान उस समय नहीं मिल पाया। लगभग 9 साल के लंबे इंतजार के बाद उन्हें यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुआ। हाल ही में राष्ट्रपति भवन में महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मान प्रदान करने की प्रक्रिया प्रारंभ हुई थी, जिसके अंतर्गत दिल्ली के कार्यक्रम में भी अंकित को सम्मानित किया गया।

अंकित कुमार शर्मा न केवल एक समर्पित संगीत शिक्षक हैं, बल्कि कोविड-19 महामारी के दौरान रक्तदान और कई सामाजिक पहलों में सक्रिय भूमिका निभाते हुए उन्होंने अनेक लोगों की जान बचाने में मदद की। वे युवाओं को राष्ट्रप्रेम और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहते हैं।

उन्हें पूर्व में भारत स्काउट एंड गाइड, एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज, भारत विकास परिषद, कला उत्सव, युवा महोत्सव और कई संगठनों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें बिहार के महामहिम राज्यपाल और मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन की ओर से भी कई बार सराहना मिल चुकी है।

सम्मान मिलने के बाद अंकित कुमार शर्मा ने कहा, “राष्ट्रपति पुरस्कार सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है जिसे मैं अंतिम सांस तक निभाऊंगा। 9 साल के लंबे इंतजार के बाद यह सम्मान मिलना मेरे लिए गर्व की बात है। इसके लिए मैं अपने ईश्वर, माता-पिता, महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और भारत स्काउट एंड गाइड परिवार का आभार प्रकट करता हूं।”

उन्होंने विशेष रूप से बिहार राज्य भारत स्काउट एंड गाइड के सभापति उदय शंकर प्रसाद सिंह और राज्य मुख्य आयुक्त रामकुमार सिंह सहित अपने प्रशिक्षक चंद्रभूषण कुमार और अन्य सहयोगियों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उन्हें हमेशा प्रेरित और प्रोत्साहित किया।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD