बिहार के रेल नेटवर्क को चुनाव से पहले बड़ा तोहफ़ा मिलने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने अपने प्रस्तावित पूर्णिया दौरे पर एक वंदे भारत एक्सप्रेस और दो अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएँगे।
सूत्रों के अनुसार, नई वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन दानापुर से जोगबनी के बीच होगा, जो पूर्णिया और अररिया होते हुए गुज़रेगी। ट्रेन सुबह जोगबनी से खुलेगी और दिन में दानापुर पहुँचेगी। फिर शाम को दानापुर से चलकर रात में दोबारा जोगबनी पहुँचेगी। इसके लिए 16 कोच वाली रैक लगाई जाएगी और पटना में रैक पहुँचने के बाद ट्रायल रन शुरू होने की संभावना है।

वहीं, दो अमृत भारत एक्सप्रेस भी पटरी पर उतरेंगी। इनमें से एक ट्रेन सहरसा से अमृतसर तक चलेगी, जो पंजाब के लिए सीधी कनेक्टिविटी देगी। दूसरी ट्रेन पहली बार बिहार से दक्षिण भारत को जोड़ेगी, जिसका संचालन जोगबनी से तमिलनाडु के इरोड तक किया जाएगा।

रेलवे बोर्ड जल्द ही इन ट्रेनों का टाइम-टेबल और स्टॉपेज जारी करेगा। माना जा रहा है कि इन ट्रेनों से खास तौर पर सीमांचल इलाके के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
जानकारी के मुताबिक, पीएम मोदी 15 या 17 सितंबर को पूर्णिया एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे और उसी अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए तीनों ट्रेनों को भी रवाना करेंगे।










