पटना। बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को शिक्षक दिवस समारोह के दौरान राज्य के स्कूलों को लेकर अहम ऐलान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 38 जिलों में एक-एक सरकारी विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इन स्कूलों में छात्रों के लिए आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
मंत्री ने बताया कि जिलों में मॉडल स्कूल बनने के बाद आगे चलकर अनुमंडल और प्रखंड स्तर पर भी एक-एक सरकारी स्कूल को मॉडल स्कूल का दर्जा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य के मध्य विद्यालयों की हर कक्षा को कंप्यूटर से लैस करने और ICT लैब की संख्या बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं।

शिक्षक दिवस समारोह में शिक्षा मंत्री ने उत्कृष्ट योगदान देने वाले 71 शिक्षकों को राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने घोषणा की कि आगामी टीआरई-4 परीक्षा में 26 हजार से अधिक शिक्षकों की नियुक्ति होगी, जबकि दिव्यांग बच्चों के लिए 7 हजार से ज्यादा शिक्षक जल्द बहाल किए जाएंगे।

इसके अलावा मंत्री ने आश्वासन दिया कि स्कूली बच्चों को साइकिल, पोशाक और छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान इसी महीने के भीतर कर दिया जाएगा।










