पटना । जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन-सुनवाई कार्यक्रम के बाद संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि एनडीए गठबंधन पूरी तरह सामंजस्यपूर्ण माहौल में काम कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव को लेकर घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा समय पर और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न होगा।
श्री चौधरी ने बताया कि महिला सशक्तिकरण जदयू की पहचान रही है और आगामी चुनाव में भी महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि राजद जैसे दल केवल स्वार्थ की राजनीति कर रहे हैं और महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। जबकि नीतीश सरकार जनहित की सोच के साथ योजनाएं लागू कर रही है। इसी माह ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में पहली किस्त के रूप में राशि भेजी जाएगी।

कार्यक्रम में मौजूद खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह ने जानकारी दी कि 15 सितंबर से पूर्णिया एयरपोर्ट से हवाई सेवाओं की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि इससे सीमांचल क्षेत्र को आर्थिक विकास की नई दिशा मिलेगी और स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

इस अवसर पर विधान पार्षद संजय कुमार सिंह ‘गांधी जी’, प्रदेश उपाध्यक्ष बैद्यनाथ प्रसाद सिंह और प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी भी मौजूद रहे।










