पटना के गांधी मैदान स्थित होटल पनाश में आयोजित एक भव्य प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार स्पोर्ट्स महासंग्राम की शुरुआत की गई। मशहूर अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद तथा फिटनेस जगत के लोकप्रिय चेहरा रजत दलाल ने इस महाअभियान का अनावरण किया।

बिहार की प्रतिभा को मिलेगा राष्ट्रीय मंच

इस अनूठी पहल का उद्देश्य राज्य के 38 जिलों के 800 से अधिक स्कूलों और 1 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों को खेलों से जोड़कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। आयोजकों ने बताया कि इसका दायरा गांव से लेकर शहर तक होगा, जिससे हर युवा अपनी खेल प्रतिभा दिखा सके।

सोनू सूद बोले – “एक बिहारी, हजार पर भारी”

कार्यक्रम के दौरान सोनू सूद ने कहा –

“बिहार के बच्चों में ग़ज़ब का हुनर है। यहां का लिट्टी-चोखा तो मशहूर है ही, लेकिन जब बात खेल की आती है तो बिहारी युवा मैदान पर छा जाते हैं। ज़रूरत है कि माता-पिता पढ़ाई के साथ खेलों के लिए भी बच्चों को प्रोत्साहित करें। जब यही खिलाड़ी मेडल लेकर लौटेंगे, तभी सच में कहा जाएगा – एक बिहारी, हजार पर भारी।”

रजत दलाल ने युवाओं को दी प्रेरणा

फिटनेस आइकॉन रजत दलाल ने युवाओं को फील्ड पर लौटने की सलाह दी। उन्होंने कहा –
“आजकल बच्चे डिजिटल दुनिया में खोते जा रहे हैं और खेलों से दूर हो रहे हैं। जबकि स्पोर्ट्स न सिर्फ फिटनेस बल्कि जीवन में अनुशासन और ऊर्जा भी लाते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को अपने हुनर को निखारने और सही मंच पर लाने का अवसर देंगे।”

खेलों और सांस्कृतिक गतिविधियों का संगम

आयोजक आकाश कुमार, नवनीत कुमार, संग्राम सिंह और अभिनव मिश्रा ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि इस महासंग्राम में फ़ुटबॉल, फुटसाल, रनिंग, स्विमिंग, शतरंज और बैडमिंटन जैसी सात प्रमुख प्रतियोगिताएं होंगी।
इसके साथ ही डांसिंग और सांस्कृतिक गतिविधियां भी शामिल की जाएंगी, ताकि हर प्रतिभा को मंच मिल सके।

बेहतर प्रशिक्षण और भविष्य की तैयारी

महासंग्राम के तहत प्रत्येक जिले में बड़े पैमाने पर प्रतियोगिताएं होंगी। इसके बाद पूरे बिहार से 27 प्रतिभाशाली बच्चों का चयन किया जाएगा। इन चयनित खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी महासंग्राम स्वयं उठाएगा।

आयोजकों और विशेष मेहमानों का विश्वास है कि यह पहल बिहार के युवाओं को न केवल राज्य बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगी और आने वाले समय में बिहार खेल जगत में नई पहचान बनाएगा।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD