MUZAFFARPUR : जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने सोमवार को मीनापुर, बोचहा और गायघाट विधानसभा क्षेत्रों का क्षेत्रभ्रमण कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भेद्यता मानचित्रण, एरिया डोमिनेशन और मतदाताओं में विश्वास बहाली पर विशेष जोर दिया।

मीनापुर और बोचहा विधानसभा की समीक्षा बैठक रामकृष्ण हाई स्कूल मीनापुर में तथा गायघाट की समीक्षा गायघाट प्रखंड कार्यालय सभागार में हुई।
• मीनापुर में 345 मतदान केंद्र, 35 सेक्टर पदाधिकारी, 35 पुलिस सेक्टर पदाधिकारी और 4 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। अब तक 211 शस्त्रों का सत्यापन किया जा चुका है।
• बोचहा में 365 मतदान केंद्र, 35 सेक्टर पदाधिकारी, 35 पुलिस सेक्टर पदाधिकारी और 3 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। यहां 635 शस्त्र सत्यापित हुए हैं।
• गायघाट में 239 मतदान केंद्र और 25-25 सेक्टर पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात किए गए हैं।

चुनावी व्यवस्था पर विस्तृत समीक्षा

बैठक में जिलाधिकारी ने मतदान केंद्रों एवं CAPF आवासन स्थलों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैम्प, साइनेज और हेल्प डेस्क जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पीएचइडी लैब से पानी की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था रहेगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मी न केवल निष्पक्ष रहें बल्कि निष्पक्ष दिखाई भी दें। किसी भी प्रकार की लापरवाही, पक्षपात या गड़बड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

कानून-व्यवस्था और शस्त्र सत्यापन

डीएम ने थानावार लंबित शस्त्र सत्यापन को शीघ्र पूरा करने और अवैध हथियारों की जब्ती पर जोर दिया। थानाध्यक्षों को बीएनएसएस की धाराओं 126/129/135 के तहत बांड डाउन, नॉन-बेलेबल वारंट और आदतन अपराधियों की स्थिति पर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।

चेकपोस्ट पर हर वाहन की सघन जांच, शराब और अवैध सामान की आवाजाही पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि चुनाव अवधि में शराब का उत्पादन, बिक्री और सेवन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा।

सेक्टर पदाधिकारियों की जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने बताया कि जिले के सभी 441 सेक्टर पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। उन्होंने हैंडबुक और गाइडलाइन का गहन अध्ययन कर पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने का निर्देश दिया। ईवीएम की हैंडलिंग केवल पुलिस अभिरक्षा में होगी।

इसके साथ ही, पोल्ड ईवीएम बाजार समिति स्थित स्ट्रांग रूम में और अनयूज्ड ईवीएम सिकंदरपुर स्थित वेयरहाउस में सुरक्षित रखे जाएंगे। उन्होंने महिला मतदाताओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों पर विशेष बल दिया।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD