मुजफ्फरपुर नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति की बैठक शुक्रवार को निगम मुख्यालय में आयोजित की गई। बैठक में नगर हित और जनसुविधा से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

त्योहारी मौसम को देखते हुए समिति ने यह तय किया कि 15 लाख तक की लागत वाले आवश्यक विकास कार्यों को विभागीय स्तर पर तुरंत पूरा कराया जाएगा। इसके तहत 265 स्ट्रीट लाइटों की खरीद, छठ पूजा घाटों की सफाई के लिए विशेष टीम का गठन और कृत्रिम घाटों का निर्माण स्वीकृत किया गया।

जल संरक्षण के मद्देनज़र, निगम क्षेत्र के छह प्रमुख पोखरों के जीर्णोद्धार और घाट निर्माण के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। वहीं आवारा कुत्तों की समस्या से निजात पाने के लिए एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) रूल के तहत निविदा प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया।

नगरपालिका कर सुधार के लिए बिहार नगरपालिका संपत्ति कर नियमावली, 2013 की गुणक तालिका में संशोधन को हरी झंडी दी गई। साथ ही कर्मचारियों के हित में समान कार्य समान वेतन पर कार्यरत कर्मियों को सप्तम वेतनमान के अधिभार की मंजूरी भी प्रदान की गई।

शहरवासियों के लिए मनोरंजन और आधुनिक सुविधाओं के विकास को ध्यान में रखते हुए निगम क्षेत्र के सभी पार्कों में एडवेंचर ज़ोन बनाने और संचालित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के बाद महापौर निर्मला देवी ने कहा, “नगर निगम का प्रयास है कि त्योहारी मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सड़क, प्रकाश और घाटों की व्यवस्था बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।”

उपमहापौर डॉ. मोनालिसा ने कहा, “छठ पर्व हमारे नगर की सांस्कृतिक पहचान है। निगम द्वारा कृत्रिम घाटों के निर्माण और सफाई कार्यों की निगरानी विशेष रूप से की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण मिल सके।”

वहीं, नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने स्पष्ट किया कि “बैठक में लिए गए निर्णयों को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। विशेष रूप से पोखरों के जीर्णोद्धार, स्ट्रीट लाइट लगाने और एडवेंचर ज़ोन जैसे कार्यों से शहरवासियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।”

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD