मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में हीरो एशिया कप-2025 की विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम का सम्मान किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने टीम के खिलाड़ियों, मुख्य प्रशिक्षक और सहायक प्रशिक्षकों को 10-10 लाख रुपये तथा सपोर्टिंग स्टाफ को 5-5 लाख रुपये की सम्मान राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह को खिलाड़ियों एवं सहयोगी स्टाफ की ओर से कुल 2 करोड़ 50 लाख रुपये का सांकेतिक चेक भी सौंपा। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और स्टाफ को शानदार जीत की बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भारतीय टीम के साथ सामूहिक तस्वीर भी खिंचवाई।

राजगीर बना एशिया कप-2025 का साक्षी
राजगीर खेल परिसर स्थित बिहार खेल विश्वविद्यालय के हॉकी स्टेडियम में 29 अगस्त से 7 सितम्बर 2025 तक आयोजित इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत ने फाइनल में दक्षिण कोरिया को हराकर खिताब जीता। प्रतियोगिता में चीन, जापान, मलेशिया, कजाकिस्तान, चीनी ताइपे, बांग्लादेश और दक्षिण कोरिया समेत कुल आठ एशियाई टीमें शामिल हुई थीं।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 17 अगस्त को प्रतियोगिता का लोगो एवं शुभंकर जारी किया था और 29 अगस्त को राजगीर में इसका औपचारिक उद्घाटन भी किया था। टीम की जीत के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
हरमनप्रीत सिंह ने जताया आभार
कार्यक्रम में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा,
“इस सम्मान के लिये मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आपके नेतृत्व में बिहार में खेलों को लेकर जो सकारात्मक बदलाव हुए हैं, उसकी सराहना पूरे देश में हो रही है। बिहार के लोगों में हॉकी के प्रति जुनून है और हमने इसे महसूस किया है।”

कार्यक्रम में दिखा बिहार सरकार का खेल प्रेम
कार्यक्रम की शुरुआत में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भेंटकर स्वागत किया। मौके पर हीरो एशिया कप-2025 के सफल आयोजन से संबंधित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त डॉ. एस. सिद्धार्थ, खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्द्र, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवीन्द्रण शंकरण, निदेशक महेन्द्र कुमार, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह समेत भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ मौजूद रहे।










