MUZAFFARPUR : छठ महापर्व को लेकर नगर निगम मुज़फ़्फ़रपुर पूरी तरह एक्शन मोड में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निगम ने एक अनोखी और सराहनीय पहल की है — “छठ घाट आपके द्वार” अभियान। इस अभियान का उद्देश्य शहरवासियों को उनके नजदीक ही सुरक्षित व स्वच्छ कृत्रिम छठ घाट उपलब्ध कराना है, ताकि किसी को भी बूढ़ी गंडक नदी के बढ़े जलस्तर के कारण परेशानी न हो।

नगर आयुक्त विक्रम विरकर के नेतृत्व में अब तक 160 से अधिक कृत्रिम छठ घाटों का निर्माण किया जा चुका है। इन घाटों को स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार तैयार किया गया है ताकि श्रद्धालु बिना किसी जोखिम के सूर्योपासना कर सकें।

नगर निगम ने पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक करने का कार्य भी शुरू किया है। घोषणाओं के जरिए नागरिकों को यह बताया जा रहा है कि यदि वे अपने इलाके में कृत्रिम घाट बनवाना चाहते हैं, तो हेल्पलाइन नंबर 155304 पर संपर्क करें। निगम की विशेष टीमें मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण करती हैं और आवश्यकतानुसार वहाँ घाट का निर्माण सुनिश्चित करती हैं।

नगर आयुक्त विक्रम विरकर ने बताया, “बूढ़ी गंडक नदी में जलस्तर बढ़ने के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम पूरी तरह तैयार है। ‘छठ घाट आपके द्वार’ सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि यह जनता की आस्था और भागीदारी का प्रतीक है। जहाँ आस्था होगी, वहाँ घाट बनेगा।”

छठ पूजा के इस पावन पर्व पर नगर निगम की यह पहल न केवल धार्मिक आस्था का सम्मान है, बल्कि नागरिक सुविधा और जनसहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी बन गई है।

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD