बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ का असर अब बिहार के मौसम पर भी दिखाई देने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि आने वाले तीन दिनों तक राज्य के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा होने की संभावना है।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 30 और 31 अक्टूबर से लेकर 1 नवंबर तक मुज़फ्फरपुर और आसपास के जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। इस दौरान दिन का तापमान तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जिससे मौसम में हल्की ठंडक महसूस की जाएगी।

विभाग के वरीय मौसम वैज्ञानिक डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि चक्रवाती प्रणाली के कारण 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा हवा चलने की संभावना है। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने कहा कि बिहार में मोंथा का प्रभाव बुधवार से एक नवंबर तक रहने की उम्मीद है। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-तड़क के साथ तेज हवा (30 से 40 किमी प्रति घंटा) चलने के भी संकेत हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि बारिश खत्म होने के बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी और मौसम फिर से सामान्य होने लगेगा। हालांकि, कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की स्थिति भी बन सकती है, ऐसे में किसानों और नागरिकों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Input : Hindustan

Muzaffarpur Now – Bihar’s foremost media network, owned by Muzaffarpur Now Brandcom (OPC) PVT LTD